सारस न्यूज टीम, बिहार
बिहार में 19 जून से पल्स पोलियो अभियान प्रारंभ होना है। जो 23 जून तक चलेगा लेकिन अभियान के पहले समाज कल्याण विभाग ने स्वास्थ्य विभाग के सामने बड़ी समस्या खड़ी कर दी है। समाज कल्याण विभाग ने पल्स पोलियो अभियान में आंगनबाड़ी सेविकाओं की सेवा देने से इन्कार कर दिया है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने दावा किया है कि राज्य स्वास्थ्य समिति लगातार समाज कल्याण के प्रधान सचिव और समेकित बाल विकास परियोजना निदेशक के साथ संपर्क में हैं। समस्या का समाधान कर लिया जाएगा।
जानकारी के अनुसार विभिन्न जिलों की बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों ने अपने जिलों स्वास्थ्य पदाधिकारियों को पत्र लिख बाल विकास सेवा योजना के तहत काम करने वाले कर्मचारियों को अन्य कार्यो में प्रतिनियुक्त न करने का आग्रह किया है। बाल विकास सेवा के पदाधिकारियों में आंगनबाड़ी सेविकाएं भी आती हैं। इस प्रकार के पत्र मिलने के बाद जिलों के स्वास्थ्य पदाधिकारियों ने राज्य मुख्यालय को अपनी समस्या से अवगत कराया।
पांच दिनों के पल्स पोलियो अभियान के सुचारू संचालन के लिए 45 हजार टीमों का गठन किया गया था। इसमें आंगनबाड़ी सेविका और सहायिका भी शामिल हैं। इनके अभियान में भाग लेने से इन्कार के बाद अभियान को लेकर संशय उत्पन्न हो गया है।
स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि विभाग इस समस्या के निदान के लिए प्रयासरत है। समाज कल्याण विभाग और समेकित बाल विकास परियोजना निदेशक से बात हो रही है। उम्मीद है अभियान प्रारंभ होने के पहले समस्या का समाधान कर लिया जाएगा।