• Fri. Sep 12th, 2025

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

बिहार में किसी भी दिन जारी हो सकता है जाति आधारित गणना का ब्योरा, सरकार की अनुमति का है इंतजार।

By

Aug 30, 2023 #जनगणना

सारस न्यूज, वेब डेस्क।

बिहार में जाति आधारित गणना का संपूर्ण ब्योरा तैयार हो गया है। इस ब्यौरे को किसी भी दिन जारी किया जा सकता है। इस सर्वे से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि अब केवल सरकार की अनुमति का इंतजार कर है। पूरी तरह से डिजिटल मोड में तैयार इस सर्वे का एक्सेस काफी सहज रखा गया है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल आंकड़े  पूर्णत: गोपनीय है। वहीं, यह संकेत मिल रहे कि अति पिछड़े वर्ग से जुड़ी जातियों की संख्या में इजाफा हो सकता है।

अलग-अलग जिलों के साथ समेकित रिपोर्ट पहुंची मुख्यालय

आधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार जाति आधारित गणना (Caste Based Survey) के तहत अलग-अलग जिलों की अलग-अलग रिपोर्ट बनी है। इसके अलावा पूरे राज्य की एक समेकित रिपोर्ट भी तैयार हुई है। दोनों रिपोर्ट मुख्यालय पहुंच गयी है।

बिहार के बाहर रह रहे लोगों का जिलावार आंकड़ा उपलब्ध

सामान्य प्रशासन विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक जो आंकड़े जिलावार  तैयार किए गए हैं उनमें यह आंकड़ा भी शामिल है कि संबंधित जिले के कितने लोग बिहार के बाहर किस शहर में हैं। इस क्रम में स्किल और अनस्किल्ड का ब्रेकअप है। प्रोफेशनल की सूची भी अलग से तैयार की गई है।

कामकाजी महिलाओं की जानकारी भी उपलब्ध

बिहार के किस जिले में कितनी कामकाजी महिलाएं (Working Woman) हैं, उसकी सूची को भी फिल्टर किया गया है। संबंधित जिले की महिलाओं के शैक्षिक स्तर का आंकड़ा भी उपलब्ध होगा। महिलाओं की आर्थिक स्थिति क्षेत्र विशेष में कैसी है, यह सूचना भी सहज उपलब्ध होगी।

सभी जानकारी प्रखंड स्तर तक अपलोड होगी डिजिटल मोड में,

जाति आधारित गणना व सर्वे (Caste Based Survey) से जुड़े अधिकारियों ने कहा कि जिलों के साथ-साथ प्रखंड से जुड़े आंकड़े भी डिजिटल मोड मे उपलब्ध हो जाएंगे, क्योंकि सभी आंकड़े प्रखंडवार भी सर्वर में अपलोड किए गए हैं।इसलिए प्रखंड स्तर पर भी यह पता चल सकेगा कि संबंधित इलाके में किस जाति के लोगों की कितनी संख्यां है। इससे विकास संबंधी योजनाएं बनाने में सहूलियत होगी।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *