• Wed. Feb 4th, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

बिहार में डेंगू के हालात का जायला लेने पहुंची केंद्रीय टीम, बीमारी से मौतों के सही आकलन के लिए बनाई गई कमेटी।

सारस न्यूज टीम, पटना।

राज्य में डेंगू के बढ़ते संक्रमण से बिगड़ते हालात का जायजा लेने के लिए केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय की टीम बिहार पहुंची है। राज्य स्वास्थ्य समिति के अनुसार डेंगू के मामलों की समीक्षा के लिए बिहार पहुंची चार सदस्यीय टीम ने गुरुवार को राजगीर और नालंदा जिले में कई अस्पतालों का दौरा किया और यहां डेंगू से निपटने के लिए किए गए इंतजाम का जायजा लिया।

शुक्रवार को टीम के सभी सदस्य गया गए। जहां कुछ अस्पतालों का मुआयना करने के बाद टीम पटना लौटेगी और पटना मेडिकल कालेज अस्पताल जाकर डेंगू वार्ड का निरीक्षण करेगी। इसके अलावा चार सदस्यीय टीम राजधानी पटना के पांच हाट स्पाट का मुआयना भी करेगी। टीम के सदस्यों ने गुरुवार को नालंदा जिले में सदर अस्पताल राजगीर और भगवान महावीर आयुर्विज्ञान संस्थान पावापुरी के साथ कुछ ग्रामीण इलाकों का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया। नालंदा जिले में कोई भी डेंगू का हाट स्पाट नहीं है। इस टीम की वापसी के पूर्व प्रदेश के स्वास्थ्य पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।

बता दें कि बिहार दौरे पर आई केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की चार सदस्यीय टीम कुल 14 बिंदुओं पर जांच कर रही है। इसमें वर्तमान साल में डेंगू मरीजों की स्थिति और पिछले साल की स्थिति की तुलनात्मक रिपोर्ट तैयार करना, डेंगू जांच किट की आपूर्ति की स्थिति, वेक्टर कंट्रोल, लार्वा नियंत्रण के लिए छिड़काव की स्थिति, डेंगू नियंत्रण की तैयारी व प्रशिक्षण, प्रचार-प्रसार की स्थिति, विभागों के साथ समन्यव, डेंगू बीमारी अधिसूचित की गयी है या नहीं, रैपिड रेस्पांस टीम का गठन, मृत्यु अंकेक्षण, कमेटी का गठन, आशा के कार्यों का मूल्यांकन जैसे कार्य शामिल हैं। इधर, बिहार में डेंगू के मरीजों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने राज्यस्तरीय डेंगू मृत्यु अंकेक्षण कमेटी का गठन किया है। कमेटी का अध्यक्ष निदेशक प्रमुख (रोग नियंत्रण) डा. राकेश चंद्र सहाय वर्मा को बनाया गया है। इनके अलावा कमेटी में डा. रणजीत कुमार, अपर निदेशक डा. अशोक कुमार और अपर निदेशक डा. डीके गुप्ता सदस्य बनाए गए हैं। कमेटी अपनी साप्ताहिक समीक्षा रिपोर्ट विभाग देगी। राज्य में डेंगू के कारण होने वाली मौत का यह कमेटी आकलन करेगी। जिसमें मृत्यु का कारण, उसका ट्रेंड का भी आकलन शामिल होगा। 

बताते चलें कि अकेले पटना में ही रोजाना 400 से 500 तक नए मरीज मिलने लगे हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *