• Wed. Dec 10th, 2025

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

बिहार में सुबह सुबह दो मर्डर; अरवल में भाई ने भाई का किया कत्ल तो मोतिहारी में स्टूडेंट की गोली मार कर हत्या।

By

Aug 17, 2023 #हत्या

सारस न्यूज, वेब डेस्क।

बिहार में गुरुवार को सुबह होते ही दो मर्डर हो गए। अरवल जिले के करपी में एक शख्स ने अपने ही भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। दूसरी वारदात मोतिहारी की है। यहां मधुबन में कोचिंग जा रहे 10वीं के छात्र की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई। सुबह-सुबह इन दो वारदातों से राज्य की कानून व्यवस्था पर फिर से सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के मुताबिक अरवल जिले के करपी प्रखंड क्षेत्र के रामपुर चाय गांव में गुरुवार अहले सुबह छोटे भाई ने बड़े भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक के चार भाई हैं। मृतक कृष्ण मुरारी सिंह मंझीलें भाई थे। जबकि सबसे छोटे भाई जय प्रकाश सिंह ने गुरुवार की सुबह उस समय गोली मार दी जब कृष्ण मुरारी भैंस का दूध दुहने जा रहे थे।

घायल कृष्ण मुरारी सिंह को अरवल सदर अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना का कारण जमीन संबंधी विवाद बताया जा रहा है। घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस मामले की तहकीकात में जुट गई है।

मोतिहारी में कोचिंग जा रहे छात्र को गोलियों से किया छलनी

पूर्वी चंपारण जिले के मधुबन में कोचिंग जा रहे छात्र की गुरुवार सुबह हत्या कर दी गई। वारदात मधुबन कृष्णानगर पुल के पास की है। मृतक की पहचान फेनहरा थाना इलाके के मनपुरवा गांव निवासी बसंत सिंह के बेटे लक्ष्य सिंह के रूप में हुई है। उसकी उम्र 16 साल थी और वह मधुबन सेंट्रल स्कूल में 10वीं में पढ़ाई कर रहा था।

लक्ष्य सुबह साइकिल पर सवार होकर कृष्णानगर गांव से मधुबन में कोचिंग जा रहा था। तभी बाइक सवार बदमाशों ने उसको तीन गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या का कारण अभी पता नही चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *