सारस न्यूज, किशनगंज।
सीतामढ़ी जिले के अंतर्गत भारत – नेपाल सीमा भिट्ठामोड़ बॉर्डर पर गश्त लगा रहे एसएसबी जवानों ने सोमवार की शाम नाइजीरिया के नागरिक के साथ तीन नेपाली व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार नाईजीरियीन व्यक्ति अगस्टीन चिनेदु नवओदु (उम्र 50 वर्ष) नाइजीरिया के सिलवेस्टी नवओदु ओबोलो आईएमओ का निवासी है। उसको भारत से नेपाल ले जाने वाले तीन नेपाली नागरिक जीवछ साह, विजय कुमार यादव और डॉ. जगदीश के साथ गिरफ्तार किया गया है। जीवछ साह नेपाल के धनुषा जिले के रहने वाले है जबकि विजय कुमार यादव और डा. जगदीश अधिकारी नेपाल के महोतरी जिले के रहने वाले हैं। उक्त चारों के पास से दैनिक उपयोग की सामग्री तथा दर्द निवारक दवाएं बरामद हुई है।
एसएसबी के अधिकारियों के अनुसार एसएसबी के सब इंस्पेक्टर नीरज सिंह ने चारों को पकड़ा। सब इंस्पेक्टर के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। एसएसबी जवानों को उक्त नाईजीरियन व्यक्ति के पास से भारत आने-जाने का कोई वैध दस्तावेज जैसे पासपोर्ट, वीजा आदि नहीं मिला। उसके पास से बरामद कागजात फर्जी बताये गये हैं। उसके पास से 22,880 रुपए भारतीय करेंसी व 13,405 रुपए नेपाली करेंसी भी बरामद हुए हैं।
नेपाली नागरिकों से मिली जानकारी के अनुसार उक्त नाइजीरियन व्यक्ति इस्कॉन ट्रस्ट मंदिर से जुड़ा है और चिन्तामणी गोस्वामी महाराज के नाम से प्रवचन करता है। गिरफ्तार तीनों नेपाली नागरिकों ने स्वयं को उसका अनुयायी बताया। नेपाली नागरिकों के अनुसार वह भारत के वृंदावन, मथुरा, काशी आदि स्थानों पर पहले से आता-जाता रहा है।
भिठ्ठामोड़ ओपी प्रभारी प्रेमजीत कुमार सिंह ने बताया कि एसएसबी ने उसे स्थानीय थाने को सौंपा है। पूछताछ के बाद उक्त चारों गिरफ्तार व्यक्ति को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।