• Sun. Feb 15th, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

मां के निधन पर बेटी ने दिया कंधागया में महिलाओं ने पेश की मिसाल

बीरबल महतो, सारस न्यूज़, किशनगंज। 

आधी आबादी भी अब हर क्षेत्र में पुरुषों की बराबरी कर रही है। चाहे वो खुशी का मामला हो या फिर दुख का। हालांकि इसमें घर के पुरुषों का भी समर्थन प्राप्त है, तभी ऐसा संभव हो पा रहा है। गया के अति नक्सल प्रभावित व जिला मुख्यालय से सुदूरवर्ती इमामगंज प्रखंड के पथरा गांव मंगलवार को चर्चा में बना रहा। यहां एक घर की महिलाओं ने अनूठा काम किया। कार्य भी ऐसा जो एक परिवार तो दूर गांव में किसी के घर की महिलाओं ने नहीं किया था। दरअसल, पथरा गांव के राजदेव प्रसाद, सरजू प्रसाद, राम कुमार प्रसाद की 108 वर्षीय मां तेतरी देवी का निधन सोमवार की रात हो गया। तेतरी के पति का पहले ही निधन हो चुका है। मंगलवार को ततेरी के पार्थिव शरीर का दाह संस्कार करना था। ऐसे में बेटी जब अर्थी को कंधा देने के लिए आगे आई तो बहू ने भी साथ चलने पर हामी भर दी। बहू और बेटियों ने अर्थी को कंधा देकर गांव के सोरहर नदी के श्मशान घाट तक पहुंचाया। मुखाग्नि बड़े पुत्र ने दी। 
नाती-पोते के साथ अन्य स्वजन भी हुए शामिल:-
चूंकि गांव में ऐसा पहला मामला था तो जब घर की बहू और बेटियों ने अर्थी को कंधा दिया तो ग्रामीण भौचक रह गए। तेतरी देवी के पति की मौत पहले हो चुकी है। अंतिम संस्कार में मृतका के नाती-पोते के साथ अन्य स्वजन और ग्रामीण शामिल रहे। अर्थी का कंधा दे रहीं बेटियों ने बताया कि मां के आंचल में रहकर बड़ी हुईं, कई तरह की शिक्षा ली। शादी हुई और आज खुशहाल जीवन जी रहे हैं। मां का थोड़ा कर्ज उतारने का मौका मिला है। मां के रहते उनके लिए तो कुछ नहीं कर पाए। कंधा देने की परंपरा हमारे यहां पुरुषों की ही रही है। आज लगा कि महिलाएं क्यों नहीं ऐसा कर सकती हैं। मृतका को मुखाग्नि डाक विभाग से सेवानिवृत्त हुए बड़े पुत्र राजदेव प्रसाद ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *