सारस न्यूज़ टीम, सारस न्यूज़।
सितरंग तूफान का असर बिहार तक दिखने वाला है। इस तूफान के चलते राज्य के पूर्वी हिस्से में बारिश भी हो सकती है। मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक छठ से पहले एक बार फिर मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
पटना: बंगाल की खाड़ी से उठा सितरंग चक्रवात बांग्लादेश के समुद्री तट पर भारी तबाही मचा रहा है। इसका अधिक असर भारत में पश्चिम बंगाल और उत्तर पूर्व के राज्यों में दिख रहा है। झारखंड और पश्चिम बंगाल के रास्ते इस चक्रवात का थोड़ा असर बिहार में भी दिखेगा।
बिहार में सितरंग चक्रवात से बदलेगा मौसम:
सितरंग चक्रवात से बिहार के मौसम में भी हल्का बदलाव होने के आसार हैं। इस तूफान का असर बिहार के कुछ हिस्सों में 26 अक्टूबर बुधवार तक देखने को मिल सकता है। इसके बाद मौसम पूरी तरह शुष्क हो जाएगा। कोलकाता के मौसम विज्ञान केंद्र से जारी क्षेत्रीय पूर्वानुमान में बताया गया है कि 29 अक्टूबर के बाद मौसम में फिर से हल्का बदलाव संभव है।
बिहार के इन जिलों में बारिश के आसार:
सितरंग चक्रवात के कारण बिहार के पूर्वी हिस्से में मौसमी बदलाव देखने को मिल सकता है। पटना के मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया है कि उत्तर पूर्व बिहार के सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया, कटिहार के साथ ही दक्षिण पूर्व बिहार के भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर, खगड़िया आदि जिलों में कुछ स्थानों पर वर्षा हो सकती है।