• Fri. Sep 12th, 2025

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

सीएम नीतीश ने जेपी गंगा पथ का किया लोकार्पण, कहा- गंगा पथ का दोनों तरफ होगा विस्तार।

सारस न्यूज टीम, पटना।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को दोपहर बाद जेपी गंगा पथ का लोकार्पण करते हुए जनता को समर्पित कर दिया। इस मौके पर पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन समेत कई नेता और आला अधिकारी मौजूद थे।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने घोषणा की है कि जेपी गंगा पथ के पहले चरण का काम जो दीघा से दीदारगंज तक का होना है, उसे वर्ष 2024 के शुरुआत तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद गंगा पथ का दोनों तरफ विस्तार दूसरे चरण में किया जाएगा। इस पथ के दीघा से पीएमसीएच तक के हिस्से का लोकार्पण मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को किया। मालूम हो कि पीएमसीएच से दीदारगंज तक का निर्माण जारी है। गंगा पथ के दूसरे चरण में शेरपुर से बख्तियारपुर तक विस्तार किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने दो और बड़ी सौगात जनता को दी। इसमें अटल पथ फेज-2 का लोकार्पण शामिल है, जिसकी लागत 69 करोड़ 55 लाख है। अब अटल पथ से गंगा पथ जुड़ गया है। साथ ही, अटल पथ से सीधे जेपी सेतु जाना भी आसान हो गया। वहीं, मुख्यमंत्री ने 23 करोड़ की लागत से निर्मित रेलवे ऊपरी पुल के मीठापुर छोर का भी लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने गंगा पथ के लोकार्पण के मौके पर कहा कि जेपी गंगा पथ के पहले चरण की लागत 3831 करोड़ अनुमानित थी, पर इसके खर्च में और वृद्धि होने की संभावना है। कहा कि इन परियोजनाओं के लोकार्पण से मुझे काफी खुशी हो रही है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि गंगा पथ से पीएमसीएच आने-जाने में लोगों और मरीजों को काफी सुविधा होगी। गांधी मैदान भी जाना आसान हो गया है। किसी को उत्तर बिहार से जेपी सेतु के माध्यम से आना-जाना काफी आसान हो गया है। कहा कि बहुत खुशी की बात है। जेपी गंगा पथ के एक हिस्से का उद्घाटन हो रहा है। जेपी के जन्म दिवस के अवसर पर 11 अक्टूबर 2013 में इस काम की शुरुआत कराई थी। पहले चरण में 20 किलोमीटर का निर्माण होना है, जिसका एक हिस्सा आज बनकर तैयार हुआ है। यह पूरे तौर पर तैयार हो जाएगा तो इससे लोगों को आने-जाने में काफी सहूलियत होगी। एक ही रास्ता होने से लोगों को कितनी दिक्कत होती है।मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल पथ फेज-2 का निर्माण पूरा हुआ है। अटल पथ को भी गंगा पथ से जोड़ दिया गया है। यहां का दृश्य काफी सुंदर लगता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि इसको भी ठीक से सुरक्षित रखिएगा। कोई तोड़फोड़ नहीं कर पाये, इसका ध्यान रखिएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां अगल-बगल की जगह का कोई इस्तेमाल नहीं था, लेकिन अब कितने लोग यहां रहना चाहेंगे देखिएगा।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पटनासिटी कितनी ऊंचाई पर है। सघन आबादी बसी हुई है। मगर खाली जगह की खुदाई कर देंगे, ताकि सबलोगों को पुराने इतिहास की भी जानकारी मिले। इसके बाद बहुत पर्यटक यहां आएंगे। नई पीढ़ी को सिर्फ पटना ही नहीं पाटलिपुत्र के बारे में भी जानकारी मिलेगी। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पीएमसीएच को हमलोग बहुत बड़ा बनावा रहे हैं। इतना बड़ा अस्पताल देश में कहीं नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *