Saaras News – सारस न्यूज़ – चुन – चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

फारबिसगंज के आदित्य कुमार ने 13वें साउथ एशिया कराटे चैंपियनशिप में मारी बाजी, भारत का नाम किया रौशन।

सारस न्यूज, अररिया।

फारबिसगंज: 13वें साउथ एशिया हाकुआकाई कराटे चैंपियनशिप 2025 में फारबिसगंज निवासी ठाकुर आदित्य कुमार ने सीनियर मेल काता और कुमिते श्रेणी में स्वर्ण पदक जीतकर न केवल अपने जिले और क्षेत्र का, बल्कि पूरे भारत का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर गौरव के साथ स्थापित किया है। यह प्रतियोगिता 17 और 18 मई को उत्तर प्रदेश के मेरठ में आयोजित की गई थी, जिसमें देश के दिल्ली, पंजाब, तेलंगाना, कोलकाता, उत्तराखंड सहित कई राज्यों से 500 से अधिक कराटे खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था।

ठाकुर आदित्य कुमार ने अपनी तेजस्वी प्रदर्शन और कड़ी मेहनत से सभी प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़ते हुए यह कीर्ति प्राप्त की। वे रिटायर्ड अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश बशिष्ठ प्रसाद सिंह और किरण देवी के सुपुत्र हैं। आदित्य कुमार का मार्गदर्शन रेंशी एडवोकेट शमशाद अंसारी ने किया, जिन्होंने उनके कौशल और संयम को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस मौके पर भारत के दो प्रसिद्ध कराटे मास्टर शिहान हसरत अली खान और शिहान सिराज अहमद ने ठाकुर आदित्य कुमार को स्वर्ण पदक प्रदान कर उनकी जीत को विशेष सम्मान दिया।

अररिया जिला कराटे एसोसिएशन के सदस्य आदित्य अब 9 और 10 अगस्त को टोक्यो, जापान में आयोजित होने वाली वर्ल्ड हाकुआकाई कराटे चैंपियनशिप 2025 में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे, जो उनके लिए एक और बड़ी उपलब्धि होगी।

इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में टीएमएए शोतोकान भारत शाखा के संचालक हांशी टाइगर नसीम खान, बिहार स्टेट चीफ एसकेए आई एवं सह सचिव अररिया जिला कराटे एसोसिएशन रेंशी एडवोकेट शमशाद अंसारी और स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों ने ठाकुर आदित्य कुमार को बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *