सारस न्यूज़, वेब डेस्क।
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) द्वारा आयोजित इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 की शुरुआत आज, 2 फरवरी से पूरे राज्य में हो गई है। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए बोर्ड और जिला प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए हैं।
इस वर्ष करीब 13.18 लाख छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हो रहे हैं, जिनके लिए राज्यभर में 1,761 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा संचालन के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बोर्ड अध्यक्ष आनंद किशोर ने सभी जिलों के अधिकारियों को निर्देश दिया है कि परीक्षा के दौरान अनुशासन और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सख्त निगरानी रखी जाए। इसी क्रम में परीक्षा अवधि के दौरान बेहतर समन्वय के लिए 1 फरवरी की सुबह 6 बजे से 24 घंटे का कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। किसी भी समस्या की सूचना के लिए 0612-2232227 और 0612-2232257 नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है। साथ ही, जिलास्तर पर निगरानी के लिए व्हाट्सएप ग्रुप भी सक्रिय किए गए हैं।
बोर्ड ने यह भी जानकारी दी है कि इंटरमीडिएट परीक्षा के प्रवेश पत्र आधिकारिक वेबसाइट intermediate.biharboardonline.com पर उपलब्ध हैं, लेकिन परीक्षार्थियों को एडमिट कार्ड अपने संबंधित विद्यालय से ही प्राप्त करना होगा।
परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से और दूसरी पाली दोपहर 2:00 बजे से शुरू होगी। बोर्ड के निर्देशानुसार परीक्षार्थियों को समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचना अनिवार्य है, क्योंकि परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले प्रवेश बंद कर दिया जाएगा। सुबह की पाली के लिए गेट 9:00 बजे और दूसरी पाली के लिए 1:30 बजे बंद कर दिए जाएंगे। निर्धारित समय के बाद पहुंचने वाले छात्रों को परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रवेश से पहले दो चरणों में जांच की व्यवस्था की गई है। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को परीक्षा कक्ष में ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित है।
बोर्ड ने सभी परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करें।
