सारस न्यूज टीम, किशनगंज।
लगातार 20 दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। बुजुर्ग कह रहे कि किशनगंज में लगातार ऐसी गर्मी पहले कभी नहीं देखी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा भीषण गर्मी को देखते हुए एडवाइजरी जारी किया जा चुका है। अब शिक्षा विभाग ने भीषण गर्मी को देखते हुए अगले चार दिनों के लिए स्कूलों के समय सारिणी में बदलाव करने का आदेश जारी किया है। जिला शिक्षा पदाधिकारी सुभाष कुमार गुप्ता ने डीएम के निर्देश के बाद आज 19 जुलाई मंगलवार से 22 जुलाई तक जिले के सभी स्कूलों को मार्निंग कर दिया है।
अपने आदेश में डीईओ ने जिले के सभी सरकारी गैर सरकारी स्कूलों, मदरसों का संचालन सुबह 06:30 से 11:30 तक करने का निर्देश दिया है। एमडीएम का संचालन 11:30 के बाद किया जाएगा। तापमान में नहीं आ रही कमी-सुबह चिलचिलाती धूप से शुरु होता दिन शाम ढलने के बाद तक बेहद गर्म रह रहा है। सोमवार को भी किशनगंज का अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि इस दौरान छह किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से पूरबा हवाएं चलती रही लेकिन आद्रता 69 प्रतिशत रहने के कारण लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिली। प्रचंड धूप का असर बाजारों पर भी दिखा और 11 बजे के बाद सड़कों पर आवागमन कम नजर आया।
बीमार पड़ रहे लोग-गर्मी के कारण लोग बीमार पड़ने लगे हैं। मौसम संबंधी बीमारियों के मरीज बढ़ने की बात सिविल सर्जन डॉ. कौशल किशाेर ने भी माना है और आम लोगों के लिए एडवाइजरी जारी किया है। ओपीडी में औसतन तीन साै मरीज में 40-50 मौसम संबंधी बीमारियों के मरीज आ रहे हैं।