• Sat. Mar 21st, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

प्रेम प्रसंग में गई छात्र की जान: भोजपुर में इंटरमीडिएट छात्र की हत्या का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार।

ByHasrat

Feb 3, 2026

सारस न्यूज़, वेब डेस्क।

बिहार के भोजपुर जिले में 16 वर्षीय इंटरमीडिएट छात्र की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार यह सनसनीखेज वारदात प्रेम प्रसंग और आपसी रंजिश का नतीजा थी।

शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में नवादा थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक छात्र का शव शहर के बाहरी इलाके में मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पिपरहिया पुल के पास एक पानी भरे गड्ढे से बरामद किया गया था। शव पर गंभीर चोटों के निशान मिले थे, जिससे हत्या की पुष्टि हुई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 19 वर्षीय बादल कुमार, आदर्श कुमार और अनीश कुमार के रूप में हुई है। वहीं मृतक की पहचान एकवाना गांव, वार्ड-9 निवासी उपेंद्र कुमार सिंह के 16 वर्षीय पुत्र सनी कुमार सिंह के तौर पर की गई है, जो इंटरमीडिएट का छात्र था।

पुलिस जांच में सामने आया कि सनी के चचेरे भाई का एक युवती से प्रेम संबंध था। इसी युवती के बादल कुमार से भी संपर्क होने की जानकारी सनी को सोशल मीडिया के माध्यम से मिली थी। इस बात को लेकर सनी ने आपत्ति जताई और युवती से बात भी की, जिससे विवाद बढ़ गया। पुलिस का दावा है कि इसी रंजिश में युवती ने बादल कुमार को सनी की हत्या के लिए उकसाया।

परिजनों के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे सनी कोचिंग जाने के लिए घर से निकला था। लौटते समय उसने अपने बड़े भाई मंदीप को फोन कर बताया कि कुछ लोग उसे बाइक पर जबरन ले जा रहे हैं। इसके कुछ ही देर बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। जब वह देर शाम तक घर नहीं लौटा तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की और नवादा थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें बादल कुमार पर अपहरण का शक जताया गया।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने शुक्रवार रात बादल कुमार को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर सनी का शव बरामद किया। इसके बाद मामले में शामिल अन्य दो आरोपियों आदर्श और अनीश को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और जरूरत पड़ने पर अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जाएगी।


By Hasrat

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *