सारस न्यूज़, वेब डेस्क।
मोतिहारी में जहरीली शराब पीने से पांच लोगों की मौत के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। पूर्वी चंपारण जिले के तुरकौलिया और रघुनाथपुर क्षेत्र में यह घटना सामने आई, जहां कथित तौर पर जहरीली शराब पीने के बाद कई लोगों की तबीयत बिगड़ गई। प्रशासन के अनुसार मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हो चुकी है, जबकि कई अन्य लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जिला प्रशासन ने बताया कि कुछ पीड़ितों को आंखों की रोशनी प्रभावित होने और उल्टी, बेचैनी जैसी गंभीर शिकायतों के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल कम से कम पांच लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि कुछ लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। अधिकारियों ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ताकि मौत के सही कारणों की पुष्टि की जा सके।
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है और शराब सप्लाई करने वाले मुख्य आरोपी की तलाश जारी है। साथ ही स्थानीय थाना प्रभारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। जांच के लिए विशेष जांच दल का गठन किया गया है, जो पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रहा है।
इस घटना के बाद बिहार में शराबबंदी कानून को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है। विपक्ष ने इसे शराबबंदी कानून के कमजोर क्रियान्वयन का परिणाम बताते हुए सरकार पर सवाल उठाए हैं। प्रशासन का कहना है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और अवैध शराब के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा।
