सारस न्यूज, वेब डेस्क।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज राज्य की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और सुरक्षित बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया। उन्होंने बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) की 1065 बसों में ई-टिकटिंग सेवा की शुरुआत की और महिलाओं के लिए विशेष 80 नई ‘पिंक बसों’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
ई-टिकटिंग सुविधा से यात्रियों को टिकट बुकिंग में सुविधा मिलेगी और पारदर्शिता बढ़ेगी। अब लोग विभिन्न रूटों पर डिजिटल माध्यम से टिकट प्राप्त कर सकेंगे, जिससे समय की बचत के साथ-साथ भ्रष्टाचार पर भी रोक लगेगी।
इस मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा,
“ई-टिकटिंग व्यवस्था राज्य के यात्रियों को सुगम और आधुनिक यात्रा का अनुभव देगी। वहीं, पिंक बसों के संचालन से महिलाओं को न सिर्फ सुरक्षित माहौल मिलेगा, बल्कि उन्हें रोजमर्रा की यात्रा में भी विशेष सहूलियत होगी।”
इन पिंक बसों में केवल महिलाएं ही यात्रा कर सकेंगी। यह पहल राज्य सरकार की महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
राज्य परिवहन विभाग ने बताया कि यह योजना दो चरणों में लागू की जा रही है, जिसमें पहले चरण में ई-टिकटिंग और दूसरे चरण में महिलाओं के लिए पिंक बसों का संचालन शामिल है।