• Mon. Feb 16th, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

मोकामा में सियासी हिंसा! जनसुराज प्रत्याशी के काफिले पर हमला, चाचा दुलारचंद यादव की गोली मारकर हत्या।

ByHasrat

Oct 31, 2025

सारस न्यूज़, वेब डेस्क।

बिहार विधानसभा चुनाव के बीच मोकामा से गुरुवार को बड़ी हिंसक वारदात सामने आई है। जनसुराज पार्टी के प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी उर्फ लल्लू मुखिया के काफिले पर घोसवरी में हमला किया गया, जिसमें उनके चाचा और पार्टी समर्थक दुलारचंद यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि यह हमला राजनीतिक रंजिश के चलते किया गया। आरोप एनडीए उम्मीदवार और बाहुबली नेता अनंत सिंह के समर्थकों पर लगा है। दोनों गुटों के बीच झड़प के बाद स्थिति अचानक हिंसक हो गई।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, दुलारचंद यादव पहले राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बेहद करीबी रहे हैं। हाल के दिनों में उन्होंने जनसुराज पार्टी को समर्थन देते हुए लल्लू मुखिया के पक्ष में प्रचार किया था। कुछ दिन पहले ही उन्होंने पीयूष प्रियदर्शी के समर्थन में एक गीत भी गाया था, जो क्षेत्र में काफी लोकप्रिय हुआ था।

घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि दुलारचंद यादव की पहले लाठी-डंडे से पिटाई की गई और फिर नजदीक से गोली मार दी गई। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही एएसपी बाढ़ और स्थानीय पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंच गए। ग्रामीण एसपी और एसएसपी भी हालात पर नजर रखे हुए हैं। फिलहाल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की छानबीन की जा रही है।

इस हत्या के बाद मोकामा का चुनावी माहौल और भी तनावपूर्ण हो गया है। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि स्थिति नियंत्रण में रखी जा सके।


By Hasrat

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *