• Thu. Apr 2nd, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

नालंदा के शीतला माता मंदिर में भगदड़, आठ महिलाओं की मौत, कई घायल।

सारस न्यूज़, वेब डेस्क।

नालंदा जिले के शीतला माता मंदिर में मंगलवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच भगदड़ मचने से आठ महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। यह हादसा चैत्र माह के अंतिम मंगलवार के अवसर पर हुआ, जब बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंदिर परिसर में अचानक भीड़ का दबाव बढ़ने से अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, जिससे कई महिलाएं भीड़ में फंस गईं और दबने से उनकी मृत्यु हो गई।

घटना के तुरंत बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को तत्काल निकटवर्ती अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। उन्होंने मृतक प्रत्येक परिवार को छह लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।

उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी इस घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए कहा कि सरकार प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रही है और घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था की गई है।

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने घटना पर दुख जताते हुए भीड़ प्रबंधन में स्थानीय प्रशासन की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी घटना पर शोक व्यक्त करते हुए इसे अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। हादसे के बाद मंदिर परिसर और अस्पतालों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है तथा प्रशासन मामले की जांच में जुटा है।


By Hasrat

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *