सारस न्यूज़, वेब डेस्क।
गुजरात के सूरत में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली पनीर बनाने वाली एक फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने बड़ी मात्रा में मिलावटी पनीर बरामद किया, जिसे बाजार में बेचने की तैयारी की जा रही थी।
खाद्य विभाग की टीम ने जब फैक्ट्री पर छापा मारा तो वहां से करीब 1401 किलो नकली पनीर जब्त किया गया। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि इस फैक्ट्री में रोजाना लगभग 400 किलो मिलावटी पनीर तैयार किया जाता था और उसे शहर के अलग-अलग इलाकों में सप्लाई किया जाता था।
अधिकारियों के अनुसार, फैक्ट्री में तैयार किया जा रहा पनीर पूरी तरह मानकों के अनुरूप नहीं था और इसमें मिलावट की आशंका है, जो लोगों की सेहत के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। जब्त किए गए पनीर के नमूने जांच के लिए लैब भेजे गए हैं।
फैक्ट्री मालिक से पूछताछ में यह भी पता चला कि लंबे समय से यहां इस तरह की गतिविधि चल रही थी। खाद्य सुरक्षा विभाग अब इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रहा है ताकि यह पता लगाया जा सके कि मिलावटी पनीर किन-किन दुकानों और बाजारों तक पहुंचाया जा रहा था।
अधिकारियों ने कहा कि मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और आम लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
