सारस न्यूज़, वेब डेस्क।
दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने राजधानी दिल्ली में नकली टूथपेस्ट बनाने वाली एक बड़ी अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने खानजावला क्षेत्र के महावीर विहार स्थित एक गोदाम में छापेमारी कर प्रसिद्ध ब्रांड सेंसोडाइन के नाम पर तैयार किए जा रहे नकली टूथपेस्ट का भारी जखीरा बरामद किया। इस कार्रवाई में फैक्ट्री संचालक हरिओम मिश्रा को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार गोदाम से 1800 भरी हुई टूथपेस्ट ट्यूब, 10 हजार खाली ट्यूब, 1200 पैक की हुई ट्यूब, लगभग 130 किलोग्राम तैयार पेस्ट, पैकिंग सामग्री, खाली डिब्बे, भराई मशीन और सीलिंग मशीन बरामद की गई। जब्त सामग्री की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।
पूछताछ के दौरान आरोपी हरिओम मिश्रा ने स्वीकार किया कि उसने गोदाम किराए पर लेकर स्थानीय स्तर पर तैयार पेस्ट को खाली ट्यूबों में भरकर सेंसोडाइन के नाम से बाजार में बेचना शुरू किया था। उसके पास इस कार्य के लिए कोई वैध लाइसेंस या अधिकृत अनुमति नहीं थी।
दिल्ली पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता और कॉपीराइट अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली उत्पाद किन-किन बाजारों तक पहुंच चुके थे और इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
यह मामला इसलिए गंभीर माना जा रहा है क्योंकि सेंसोडाइन ऐसा उत्पाद है जिसे दांतों की समस्या में कई चिकित्सक भी उपयोग करने की सलाह देते हैं। ऐसे में नकली उत्पादों का बाजार में पहुंचना लोगों की सेहत के लिए बड़ा खतरा बन सकता है।
