सारस न्यूज़, वेब डेस्क।
झारखंड के चतरा जिले के सिमरिया प्रखंड अंतर्गत कसारिया पंचायत क्षेत्र में मंगलवार शाम एक एयर एम्बुलेंस विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के समय विमान में कुल सात लोग सवार थे, जिनमें दो चालक दल के सदस्य भी शामिल थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह विमान Redbird Airways Pvt Ltd का था। यह Beechcraft C90 (रजिस्ट्रेशन नंबर VT-AJV) मेडिकल इवैक्युएशन फ्लाइट के रूप में रांची से दिल्ली जा रहा था। विमान ने रांची से शाम करीब 7:11 बजे उड़ान भरी थी और दिल्ली के लिए रवाना हुआ था।
उड़ान के दौरान तकनीकी कारणों या अन्य परिस्थितियों के चलते यह विमान चतरा जिले में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।
फिलहाल दुर्घटना के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। संबंधित एजेंसियों द्वारा मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। प्रारंभिक जांच में तकनीकी खराबी, मौसम की स्थिति और अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
घटना को लेकर क्षेत्र में हड़कंप का माहौल है। प्रशासन ने कहा है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
