• Fri. Oct 3rd, 2025

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

किशनगंज में अपने तीन वर्षीय पोते की हत्यारोपित दादी ने पुलिस के दबाव के बाद किया आत्मसमर्पण

बीरबल महतो, सारस न्यूज़, किशनगंज।

किशनगंज में अपने सगे तीन वर्षीय पोते की हत्यारोपित दादी ने पुलिस के दबाव के बाद टाउन थाना में आत्मसमर्पण कर दिया। गुरुवार रात खगड़ा माछमारा निवासी आरोपित अफसाना खातून पति मो कलाम किशनगंज टाउन थाना पहुंची और अपना जुर्म कबूल करते हुए आत्मसमर्पण कर दिया।
आरोपित की बातों को सुनकर उपस्थित पुलिस पदाधिकारी और कर्मी भी सन्न रह गए। अफसाना का कहना था कि बहू ने जादू टोना के बल पर उसके बेटे को अपने वश में कर लिया था। बेटे को अपने से दूर जाता देख उसका बहू से अक्सर विवाद होने लगा। आखिरकार उसने बहू से बदला लेने की नीयत से उसके बेटे को मार डाला। आरोपित के बेटे और मृतक के पिता मो. तनवीर की लिखित शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। शुक्रवार को सदर अस्पताल में मेडिकल जांच के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
गत मंगलवार को तीन वर्षीय तंजील का शव खगड़ा कृषि भवन के पास एक पोखर में मिला था। घटना के एक दिन पूर्व बच्चे के पिता ने टाउन थाने में उसके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। खोजबीन के बाद बच्चे का शव पोखर में तैरता मिला था। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई। घटनास्थल के निकट लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच में पुलिस को अहम सुराग हाथ लग गया। सीसीटीवी फुटेज में स्पष्ट दिखा कि तंजील को उसकी दादी अफसाना खातून ही गोद में लेकर जा रही है। इस बीच घटना से संबंधित एक अन्य वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो गया। वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने पुख्ता साक्ष्य इकट्ठा किया और अफसाना की गिरफ्तारी के लिए दबिश देने लगी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *