• Mon. Dec 8th, 2025

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

आगामी 22 दिसंबर को श्रीनिवास रामानुजन् टैलेंट सर्च इन मैथेमेटिक्स प्रतियोगिता- 2022 में सफल प्रतिभागी को किया जाएगा पुरुस्कृत।

सारस न्यूज, किशनगंज।

श्रीनिवास रामानुजन् टैलेंट सर्च इन मैथेमेटिक्स प्रतियोगिता – 2022 का आयोजन गत 10, 11 एवं 15 दिसंबर तक राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थान एवं अभियंत्रण महाविद्यालयों में सफलतापूर्वक सम्पन्न होने के बाद आगामी 22 दिसंबर को राष्ट्रीय गणित दिवस के अवसर पर सफल परीक्षार्थियों को पुरुस्कृत किया जाएगा। उक्त बातों की जानकारी देते हुए राजकीय पॉलीटेक्निक के प्राचार्य ई चित्तरंजन कुमार ने बताया कि उक्त प्रतियोगिता में 6ठी से 12वीं वर्ग तक के छात्र -छात्राओं ने भाग लिया था। प्रतियोगिता में सफल परीक्षार्थियों में से प्रत्येक वर्ग से प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त कले वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को तारामंडल, पटना में राज्य स्तरीय समारोह में सम्मानित किया जाएगा। किशनगंज जिला में प्रत्येक वर्ग से तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्रों को ठाकुरगंज प्रखंड के बेसरबाटी पंचायत के चुरलीहाट में अवस्थित राजकीय पोलिटेकनिक किशनगंज में कार्यक्रम आयोजित कर सम्मानित किया जाएगा। प्राचार्य ई चितरंजन कुमार ने बताया कि उक्त कार्यक्रम में भाग लेने हेतु जिलाधिकारी, उपविकास आयुक्त, जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य नागरिक को आमंत्रित किया गया है। प्राचार्य के अनुसार पुरस्कार वितरण के बाद राजकीय पोलिटेकनिक संस्थान के कर्मशाला एवं प्रयोगाशालाओं में भ्रमण कराया जाएगा ताकि उनमें तकनीकि एवं वैज्ञानिक रुचि उत्पन्न हो सके। साथ में सांस्कृतिक एवं खेल के प्रोग्राम के आयोजन निर्धारित है। साथ ही गणित से सम्बन्धित विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि देश के महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन के जन्म-दिवस को राष्ट्रीय गणित दिवस के तौर पर मनाया जाता है। भारत सरकार द्वारा गणितज्ञ एस. रामानुजन के जन्म-दिवस को राष्ट्रीय गणित दिवस के तौर पर मनाए जाने की घोषणा 26 फरवरी 2012 को की गई थी। इसके बाद से हर वर्ष 22 दिसंबर को इसे मनाया जाता है। गणित से लगाव होने के कारण रामानुजन ने सिर्फ 12 वर्ष की उम्र में ही त्रिकोणमिति में महारत हासिल कर ली थी। अपने जीवनकाल में रामानुजन ने दुनिया को 3500 गणितीय सूत्र दिए थे। रामानुजन ने बहुत कम उम्र में ही कई प्रमेय की रचना की थी। भारत सरकार द्वारा उनके कई योगदानों के लिए विभिन्न सम्मानों से नवाजा गया है। राष्ट्रीय गणित दिवस के अवसर पर राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थान में गणित से सम्बन्धित विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। उक्त कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्थान के सभी व्याख्याताओं एवं कर्मचारी तन व मन से जुटे हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *