सारस न्यूज टीम, टेढ़ागाछ।
टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र के चिल्हनियां पंचायत स्थित सुहिया वार्ड नंबर 9 मुस्लिम टोला के निकट गौरिया धार पर पुल नहीं रहने से ग्रामीणों को आने जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आजादी के सात दशक बाद भी यहां एक अदद पुल नहीं है। जबकि इस गांव की आबादी लगभग चार सौ से अधिक है। यहां के लोग चारों तरफ से नदी व मरिया धार एवं गौरिया धार से घिरे हैं। यहां के लोग टापू में रह कर जीवन व्यतीत कर रहें है। स्थानीय बादल आलम एवं अफरोज आलम ने बताया कि उन लोगों ने वर्षों से स्थानीय प्रशासन, सांसद एवं विधायक से मिलकर बार-बार आवेदन देकर गौरिया धार में पुल बनवाने की गुहार लगाई।
लेकिन किसी ने अब तक सुधि भी नहीं ली। अब वे फिर से एक बार प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने बताया डीएम से गौरिया धार में पुल निर्माण कराने की मांग की गई है। आराेप लगाया कि विधायक एवं सांसद क्षेत्र में भ्रमण के दौरान लोगों से समस्याओं के निदान करने का भरोसा देकर आवेदन ले लेते हैं। और फिर उसपर ध्यान भी नहीं देते। फिलहाल स्थानीय ग्रामीणों ने चंदा एवं श्रमदान कर बांस बल्ली के सहारे गोरिया धार पर आवागमन के लिए चचरी पुल का निर्माण किया है। जिसके सहारे लोग गौरिया धार पार कर अपने रोजमर्रे की जरूरतों को पूरा करते हैं।