सारस न्यूज, पोठिया, किशनगंज।
पोठिया थाने का शुक्रवार की देर रात औचक निरीक्षण के दौरान थाने से अनुपस्थित मिले पोठिया थानाध्यक्ष संजय राम को एसपी डॉ. इनामुल हक मेंगनू ने निलंबित कर दिया है। इसके अलावा थाने के मुंशी प्रभास कुमार व ठाकुरगंज थाना के अवर निरीक्षक कुंदन कुमार को भी निलंबित किया गया है। एसपी डॉ. इनामुल हक मेंगनू शुक्रवार की रात को पोठिया थाना का मुआयना करने निकले थे। इसी क्रम में एसपी पोठिया थाना पहुंचे। उस समय पोठिया थानाध्यक्ष थाने में नहीं थे।
इसके बाद कार्रवाई करते हुए एसपी ने थानाध्यक्ष को निलंबित कर दिया। वही थाना के मुंशी पर यह आरोप लगा है कि उसने इसकी सूचना वरीय अधिकारी को क्यों नहीं दी। वही थाने में स्टेशन डायरी भी पेंडिंग था। एसपी ने निरीक्षण में यह भी पाया कि 1 अक्टूबर से ही स्टेशन डायरी पेंडिंग थी। वही ठाकुरगंज थाना के अवर निरीक्षक कुंदन कुमार पर यह आरोप लगा है कि वे रात्रि में अपने पदस्थापन वाले थाना में नहीं रहते थे।
एसपी ने इन्हें भी कार्य में लापरवाही माना। तीनों के विरूद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है। एसपी डॉक्टर इनामुल हक मेंगनू ने कहा कि पोठिया थानाध्यक्ष, मुंशी व ठाकुरगंज थाना के अवर निरीक्षक को निलंबित किया गया है। थाना के निरीक्षण के दौरान पोठिया थानाध्यक्ष थाने में नहीं पाए गए थे। एसपी ने कहा कि ड्यूटी में लापरवाही बरतने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।