सारस न्यूज, किशनगंज।
किशनगंज जिले में कालाजार उन्मूलन की दिशा में जिले के 07 प्रखंडों में चिन्हित स्थानों पर कालाजार उन्मूलन को लेकर सिंथेटिक पैराथायराइड का छिड़काव आगामी 5 सितंबर से शुरू होगा जो अगले 60 कार्य दिवस तक चलेगा। उक्त बातों की जानकारी जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ.मंजर आलम ने देते हुए बताया कि इस छिड़काव कार्यक्रम को आरंभ करने को लेकर राज्य स्वास्थ्य समिति की ओर से निर्देश दिए गए हैं। प्रभारी डीएमओ डॉ. मंजर आलम ने बताया कि जिले के सभी 7 प्रखंडो के 34 राजस्व गांवों में छिड़काव किया जायेगा। छिड़काव के सफलता को लेकर सभी प्रखंडो में कालाजार के छिड़काव के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम जारी किया गया है। छिड़काव कार्य योजना के अनुसार सभी कालाजार प्रभावित ग्रामों के सभी घरों, गौशालाओं में छिड़काव कराया जायेगा।
उन्होंने बताया कि बरसात के बाद के समय वेक्टर जनित रोगों में खासकर कालाजार का प्रकोप बढ़ जाता है। गुणवत्तापूर्ण छिड़काव की दृष्टि से पर्यवेक्षण अत्यंत आवश्यक है। प्रखंड स्तर पर विभिन्न स्तर के पदाधिकारियों के द्वारा पर्यवेक्षण कार्य भी सुनिश्चित किया जायेगा। प्रत्येक दिन कार्य समाप्ति के बाद दिन भर के छिड़काव कार्य की मानक के अनुरूप समीक्षा की जाएगी एवं आवश्यक सुधार के लिए निर्देश दिया जायेगा। पैची छिड़काव एवं ओवरलैपिंग पर कड़ी निगरानी रखी जायेगी।
प्रत्येक दल के दल नायक छिड़काव पंजी का संधारण करेंगे। जिसमें घर-घर छिड़काव की सूचना संधारित की जायेगी। साथ ही साथ पंचायत के सदस्य व मुखिया या वार्ड से छिड़काव के बाद प्रमाण पत्र भी प्राप्त करेंगे। जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. मंजर आलम ने बताया कि छिड़काव के दौरान एक भी घर छूटे नहीं।
इस बात का विशेष ख्याल रखा जाएगा। इसको लेकर छिड़काव टीम को भी आवश्यक और जरूरी निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा छिड़काव अभियान के दौरान सामुदायिक स्तर पर लोगों को कालाजार से बचाव के लिए आवश्यक जानकारी भी दी जाएगी। जिसके दौरान कालाजार के कारण, लक्षण, बचाव एवं इसके उपचार की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। छिड़काव के दौरान किन-किन बातों का ख्याल रखना चाहिए, ये भी बताया जाएगा।प्रभारी डीएमओ डॉ. मंजर आलम ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा कालाजार से पीड़ित रोगी को सरकार द्वारा आर्थिक सहायता दी जाती है। कालाजार मरीजों की जांच की सुविधा जिले के सभी पीएचसी में नि:शुल्क उपलब्ध है।
जबकि सदर अस्पताल में समुचित इलाज की सुविधा उपलब्ध है। जिसके कारण संक्रमित मरीज मिलने पर उन्हें संबंधित पीएचसी द्वारा सदर अस्पताल रेफर किया जाता है। मरीजों को सरकारी अस्पतालों में इलाज कराने पर श्रम क्षतिपूर्ति के रूप में सरकार द्वारा राशि दी जाती है। पीकेडीएल मरीजों को पूर्ण उपचार के बाद सरकार द्वारा 4 हजार रुपये श्रम क्षतिपूर्ति के रूप में दिये जाने के प्रावधान है। साथ ही मरीजों का सहयोग करने पर प्रति मरीज 5 सौ रुपये संबंधित आशा कार्यकर्ता को दी जाती है। 15 दिनों से अधिक समय तक बुखार का होना कालाजार के लक्षण हो सकते हैं। भूख की कमी, पेट का आकार बड़ा होना शरीर का काला पड़ना कालाजार के लक्षण हो सकते हैं।
वैसे व्यक्ति जिन्हें बुखार नहीं हो लेकिन उनके शरीर की त्वचा पर सफेद दाग व गांठ बनना पीकेडीएल के लक्षण हो सकते हैं। डॉ. मंजर आलम ने बताया कालाजार का ईलाज पूर्ण रूप संभव है। लेकिन इसके लिए 12 सप्ताह तक दवा का नियमित सेवन जरूरी है। रोगी के द्वारा बीच में दवा छोड़ देने या समय पर सही खुराक न लेने से इसकी संभवना बढ़ जाती है।