सारस न्यूज टीम, किशनगंज।
रविवार की अहले सुबह जिले में जमकर बारिश हुई। रात 12 बजे से ही बारिश के साथ ही खूब बादल गरजे और बिजलियां चमकी। हालांकि सुबह होने तक बारिश थम गई। हालांकि रविवार को दिन में भी बादल घिरे रहे। बिजलियों के कड़कने के साथ ही शहर के एनएच के पूर्वी हिस्से में बिजली की आपूर्ति ठप हो गई। इसका कारण मेन लाइन में आई खराबी बताया गया।
बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता विशाल कुमार के अनुसार फरिंगगोला मेन लाइन 33 केवी में बिजली कड़कने से खराबी आ गई। जिसे सुबह बारिश थमते ही दुरुस्त कर लिया गया एवं बिजली की आपूर्ति शुरू कर दी गई। इस दरम्यान करीब सात घंटे तक शहर में बिजली की आपूर्ति ठप रही। जोरदार बारिश के बाद तापमान में गिरावट हुई और लोगों को उमस से राहत मिली।
रविवार को किशनगंज का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान में शनिवार के मुकाबले चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई जबकि न्यूनतम तापमान भी एक डिग्री कम रहा। मौसम विज्ञान केन्द्र कोलकाता के अनुसार शहर से सटे उत्तर दिनाजपुर सहित किशनगंज के क्षेत्र में अभी मानसून एक्टिव है।
बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाओं के कारण क्षेत्र में बादलों का संघनन हो रहा है जिससे बारिश हो रही है। यह आगे भी जारी रहेगा। मौसम विज्ञान केन्द्र पटना ने भी किशनगंज के लिए बारिश और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। बारिश और बिजली कड़कने के दरम्यान लोगों से घरों में रहने की अपील की गई है। कई जगहों पर जलजमाव : बारिश होने से तापमान में कमी आई।
मौसम सुहाना हुआ लेकिन शहर में कई जगहों पर जलजमाव हो गया। शहर के बीच स्थित रुईधासा मैदान पानी से लबालब भर गया। पश्चिमपाली, डुमरिया भट्ठा, धरमगंज, रुईधासा सहित कई नीचले इलाकों में सड़कों पर जलजमाव हो गया जो बारिश खत्म होने के काफी देर बाद तक लगा रहा। इस दौरान राहगीरों को परेशानी हुई।