सारस न्यूज, किशनगंज।
किशनगंज शहर के धर्मगंज मोहल्ले के एक शराबी पति ने अपनी पत्नी की चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या करने के बाद खुद के पेट में भी चाकू घोंपकर आत्महत्या का प्रयास किया। रविवार की रात पारिवारिक विवाद में हुए उक्त घटना में नशेड़ी पति व उनके पत्नी के झगड़े में पत्नी कवित्री देवी (उम्र 30 वर्ष) की मौत हो गई।
घटना धर्मगंज वार्ड संख्या 29 के मंदिर रोड की है। पति के अवैध संबंध को लेकर हुई किच-किच के बाद रविवार रात में इस घटना को अंजाम दिया गया। आरोपित पति धीरज पासवान गंभीर रूप से घायल है। उसे बेहतर उपचार के लिए रेफर कर दिया गया है। मृतक महिला के शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया गया। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है। एसडीपीओ अनवर जावेद अंसारी ने बताया कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
मृतक महिला के मायके वाले के द्वारा आवेदन दिया गया है। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। घटना को लेकर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार बंगाल के दालकोला की रहने वाली कवित्री देवी की शादी 10 वर्ष पूर्व किशनगंज शहर के धर्मगंज के धीरज पासवान से हुई थी। दोनो पति पत्नी के बीच विवाद होते रहता था। रविवार की रात मृतका का पति धीरज अपने धर्मगंज वार्ड 29 स्थित घर पहुंचा। घटना की रात भी दोनो पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद होने लगा।
विवाद इतना बढ़ गया की पति धीरज ने अपनी पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। इस दौरान धीरज भी घायल हुए। जबकि महिला कवित्री देवी गंभीर रूप से घायल हो गई। चीख पुकार सुन आसपास के कुछ लोग जमा हो गए। दोनो को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती करवाया गया। अस्पताल पहुंचते ही महिला कवित्री देवी की मौत हो गई। कवित्री देवी अपने पीछे तीन लड़कियों व एक लड़के को छोड़ गई। इनमें सोनिया (9 वर्ष), अभि (7 वर्ष), दीक्षा (6 वर्ष) और किट्टू (4 वर्ष) शामिल हैं।