• Fri. Sep 12th, 2025

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

टेढ़ागाछ प्रखंड के धनीफुलसरा से चैनपुर महादलित टोला जानेवाली सड़क में निर्माणाधीन कलवर्ट बाढ़ में हुआ ध्वस्त, आवागमन बाधित।

सारस न्यूज, ठाकुरगंज।

टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत चिल्हनियां पंचायत स्थित घनिफुलसरा से चैनपुर महादलित टोला जाने वाली निर्माणाधीन सड़क का कलवर्ट विगत दिनों आई बाढ़ में ध्वस्त हो गया है। जिससे आवागमन बाधित हो गया है।स्थानीय ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन व जनप्रतिनिधियों से सुधि लेने की मांग की है। स्थानीय लोगों ने बताया निर्माणाधीन सड़क के एजेंसी द्वारा सड़क निर्माण में शिथिलता बरत रही है। जिसके कारण निर्माणाधीन सड़क का कलवर्ट भी बाढ़ में ध्वस्त हो गया। विगत तीन वर्षों से सड़क निर्माण हो रहा है, फिर भी अबतक सड़क में बेडमिशाली होने के बाद से कार्य स्थगित है। ग्रामीणों ने बताया यहाँ पिछले वर्ष भी सड़क ध्वस्त हो गयी थी।जिससे मिट्टी भरकर आवागमन चालू किया गया था। फिर इस वर्ष आई बाढ़ में नवनिर्मित कलवर्ट भी ध्वस्त हो गया। ज्ञात हो कि टेढ़ागाछ प्रखंड में चिल्हनियां पंचायत स्थित 15 नंबर वार्ड बाढ़ प्रभावित क्षेत्र है। जहाँ हर वर्ष बाढ़ से काफी क्षति होती है। फिर भी स्थानीय प्रशासन यहाँ सड़क यातायात को लेकर संवेदनशील नहीं है।

एक बार सड़क ध्वस्त होने से वर्षो तक आवागमन बाधित रहता है। यहाँ के लोगों की मूलभूत समस्या का समाधान होते नहीं दिख रहा है। लोग आवागमन को लेकर हमेशा परेशान रहते हैं। यहाँ तक कि आपदा की घड़ी में भी यहाँ किसी सांसद या विधायक अवाम की समस्या से रूबरू नहीं होना चाहते हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द निर्माणाधीन सड़क की मरम्मती करने की गुहार लगाई है। ज्ञात हो कि विगत दिनों टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र में बाढ़ आने से क्षेत्र में कई सड़के ध्वस्त हो गयी है। जिसके कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गौरतलब है कि रेतुआ नदी में आई बाढ़ से ऊफनी पानी के कारण खजुरबाड़ी से घनिफुलसरा चैनपुर तक जाने वाली मुख्य सड़क ध्वस्त हो गयी है। जिससे अवाम को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात यह है कि टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत चिल्हनियां पंचायत स्थित चैनपुर महादलित टोला तक जाने वाली सड़क हर साल कट जाती है। जिसके कारण बरसात भर इस सड़क से दर्जनों गाँव का आवागमन ठप हो जाता है। फिर भी यहाँ स्थाई रूप से कोई ठोस व्यवस्था नहीं हो पा रही है।स्थानीय लोगों का कहना है कि टेढ़ागाछ प्रखंड मुख्यालय से जुड़ने के लिए यह सड़क महत्वपूर्ण है फिर भी यहाँ आरसीसी पुल का निर्माण नहीं हो रही है। यहाँ जबतक आरसीसी पुल का निर्माण नहीं होगा।तबतक यहाँ के लोगों की समस्या जस की तस रहेगी। ज्ञात हो कि सड़क से संपर्क भंग होने से यहाँ की लगभग 10 हजार से अधिक की आबादी प्रभावित हो गई है। ज्ञात हो कि घनिफुलसरा चैनपुर में सड़क टूटने से यहाँ प्रखंड मुख्यालय सहित आसपास के दर्जनों गाँव में बेतबाड़ी, बभनगामा, पंखाबाड़ी, चिल्हनियां, धुमगढ़, कलियागंज, खजुरबाड़ी, हवाकोल, गम्हरिया, देवरी, दुर्गापुर, मियांपुर, आमगाछी, मालद्वार, पलासी सहित सिकटी, पलासी व जोकीहाट प्रखंड तक के लोगों का आवागमन प्रभावित हुआ है। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से आवागमन के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *