सारस न्यूज, किशनगंज।
शुक्रवार को उप विकास आयुक्त-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, जिला परिषद्, किशनगंज स्पर्श गुप्ता द्वारा प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी-सह-कार्यपालक पदाधिकारी, पोठिया के कार्यालय का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम रोकड़ बही, चेक पंजी, आगत-निर्गत पंजी, आकस्मिक अवकाश पंजी, भंडार पंजी, सूचना का अधिकार पंजी, योजना पंजी इत्यादि का अवलोकन करते हुए उसे अधतन करने का निर्देश दिया गया। साथ ही कर्मपुस्तिका, आवंटन पंजी सहित अन्य सभी आवश्यक पंजियों को अविलम्ब विधिवत् संधारित करने का सख्त निर्देश दिया गया।
प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी, पोठिया को अपने निगरानी में एक सप्ताह के अंदर उपर्युक्त निर्देश का अनुपालन करते हुए अनुपालन प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। एतद् क्रम में ग्राम पंचायत-बुधरा कार्यालय का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में सभी आवश्यक पंजियों को अविलम्ब संधारित एवं अधतन करने का निर्देश उपस्थित लेखापाल -सह- आई०टी० सहायक को दिया गया। साथ ही ग्राम पंचायत-बुधरा अन्तर्गत 15वीं वित्त आयोग के टाईड मद से क्रियान्वित योजना संख्या- 03/2022-23 (ग्राम पंचायत-बुधरा अन्तर्गत वार्ड नं0- 03 में गुआबाड़ी, नाथुराम दास के तालाब में छठ घाट निर्माण कार्य) का निरीक्षण करते हुए संबंधितों को आवश्यक निर्देश दिये गये। निरीक्षण के क्रम में जिला पंचायती राज पदाधिकारी- सह- अपर मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, डीआरडीए के वरीय लेखा पदाधिकारी एवं लेखा पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित अन्य प्रखंड स्तरीय एवं पंचायत स्तरीय पदाधिकारी व कर्मी भी उपस्थित थे।