• Wed. Feb 4th, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

तेरापंथ युवक परिषद की ओर से रक्तदान शिविर का एसपी ने किया उद्घाटन, 3 केंद्रों से 121 यूनिट ब्लड एकत्रित, दर्जनों पुरुष और महिलाओं ने किया रक्तदान।

सारस न्यूज टीम, किशनगंज।

अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद के तत्वावधान में स्थानीय तेरापंथ युवक परिषद द्वारा मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव का आयोजन किया गया। शनिवार को तीन केंद्रों पर तेयुप ने रक्तदान शिविर लगाए। तेरापंथ भवन, सदर अस्पताल और डॉ. कलाम कृषि कॉलेज में दर्जनों की संख्या में पुरूष व महिलाओं ने रक्तदान किया। बड़ी संख्या में बीएसएफ कैम्प और एसएसबी के जवानों ने भी इन शिविरों में रक्तदान कर अपनी सहभागिता रखी।

छात्र छात्राओं ने भी बढ़ चढ़कर रक्तदान किया। इससे पूर्व पूरबपाली स्थित तेरापंथ भवन में एसपी डॉ इनामुल हक मेंगनु ने फीता खोलकर रक्तदान शिविर का उदघाटन किया। इस मौके पर उन्होंने अपना रक्त डोनेट कर इसकी शुरूआत की। एसपी के साथ आये सुरक्षाकर्मियों ने भी रक्तदान किया। एसपी ने बताया कि तेरापंथ युवक परिषद द्वारा आयोजित यह रक्तदान शिविर प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि जैन धर्म में मानवता की प्रेरणा दी जाती है और रक्तदान से बढ़कर मानवता का कोई उदाहरण नहीं है। वहीं सभी केंद्रों में कुल 121 यूनिट ब्लड एकत्रित हुआ।

तेरापंथ भवन में आचार्य श्री महाश्रमणजी की विदुषी शिष्या साध्वी संगीत श्री व सहयोगी तीन साध्वियां चातुर्मासिक प्रवास पर हैं।उनके सानिध्य में विगत दिनों पर्युषण पर्व संपन्न हुआ। जिसमें तेरापंथ समाज ने त्याग, तपस्या, जप आदि आध्यात्मिक प्रयोगों का अनुष्ठान किया। एसपी ने विराजित साध्वी संगीत श्री से भी मुलाकात की। साध्वीश्री ने आचार्य श्री महाश्रमणजी द्वारा की गई अहिंसा यात्रा के सम्बंध में विस्तार पूर्वक एसपी को जानकारी दी। इस बीच सद्भावना, नैतिकता और नशामुक्ति पर एसपी ने साध्वी के साथ विस्तार से चर्चा की।

मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव में तेरापंथ सभा संरक्षक डॉ मोहनलाल जैन, महासभा संरक्षक डॉ राजकरण दफ्तरी, सचिव अजय सिंह बैद, स्थानीय सभाध्यक्ष विमल दफ्तरी, नेपाल बिहार उपाध्यक्ष चैनरुप दुगड़, पूर्व अभातेयुप महामंत्री मनीष दफ्तरी, तेयुप अध्यक्ष अमित दफ्तरी, महिला मंडल मंत्री रचना बोथरा, अणुव्रत समिति अध्यक्ष संजय बैद, मोहनलाल लूनिया, दिलीप सेठिया, अनिल लूनिया, रोहित दफ़्तरी, विमल बैद, प्रकाश बोथरा, प्रताप बैद, पवन दफ़्तरी, कमल कोठारी, नवीन बाफ़ना, मनोज कोठारी, राजेश कोठारी, चेतन दफ़्तरी, निखिल बागरेचा, महावीर धारीवाल, परिक्षीत दफ़्तरी, सुमित मालू, मनीष लूनिया आदि मौजूद रहे। इस अवसर पर तेरापंथ युवक परिषद के अध्यक्ष अमित दफ्तरी ने बताया कि रक्तदान में अग्रणी अभातेयुप के तत्वावधान में बड़े रूप में रक्तदान शिविर का किशनगंज में आयोजन होता आया है। कोविड 19 जैसी वैश्विक महामारी के बाद ब्लड बैंकों में रक्त की कमी और रक्तदान से लोग कतरा रहे हैं। किशनगंज में हज़ारों की संख्या में ऐसे स्वस्थ युवा हैं जो रक्तदान कर सकते हैं।

रक्त का कोई अन्य विकल्प भी नही है। ऐसे में उन्होंने जिले के युवाओं से अपील की, कि आयोजित रक्तदान शिविरों में आकर रक्तदान अवश्य करें। उन्होंने बताया कि अभातेयुप द्वारा आयोजित इस मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव में विश्व भर से 150000 यूनिट ब्लड एकत्रित हुआ। एक दिन में सबसे ज्यादा रक्तदान का सबसे बड़ा रिकॉर्ड स्थापित हुआ। देशभर में अभातेयुप की 350 शाखाएं है। विदेशों में भी इसकी 36 शाखाएं है। मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव के माध्यम से 18 देशों की 36 और देशभर में कुल 2 हजार रक्तदान शिविर लगाए गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *