• Sat. Sep 13th, 2025

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

दक्ष वार्षिक खेल कार्यक्रम, 2022-23 अंतर्गत राज्य स्तरीय विद्यालय शतरंज खेल प्रतियोगिता का सफल आयोजन हेतु आयोजन समिति की बैठक संपन्न।


सारस न्यूज, किशनगंज।


जिला पदाधिकारी, श्रीकांत शास्त्री के निदेशानुसार दक्ष वार्षिक खेल कार्यक्रम 2022-23 अंतर्गत राज्य स्तरीय शतरंज(बालक) विद्यालय खेल प्रतियोगिता आयोजन हेतु राज्य-स्तरीय आयोजन समिति की बैठक डीडीसी मनन राम की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में रंजीत कुमार, उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा, किशनगंज के द्वारा बताया गया कि इसका आयोजन कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार सरकार तथा बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के तत्वाधान में किया जा रहा है।

दक्ष विद्यालय खेल प्रतियोगिता अंतर्गत शतरंज बालक वर्ग (अंडर 14/17/19 आयुवर्ग) की राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन किशनगंज में होगा। वित्तीय वर्ष 2022-23 समाप्ति पर है। वर्तमान में पूर्णिया प्रमंडल समेत कई प्रमंडल में खेल प्रतियोगिता का आयोजन लंबित है। ऐसी स्थिति में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन इस वित्तीय वर्ष में कराया जाना अपेक्षित प्रतीत नहीं होता है।विभागीय सहमति उपरांत अप्रैल या मई माह में प्रतियोगिता का आयोजन कराना यथोचित प्रतीत होता है।

बैठक में आयोजन समिति के द्वारा खेल मार्गदर्शिका के अनुरूप शतरंज खेल की प्रतियोगिता आयोजन करने हेतु जिला में आगंतुक प्रतिभागियों के आवासन, भोजन, यात्रा भत्ता, आयोजन स्थल आदि पर विमर्श किया गया। जिला शतरंज संघ के प्रतिनिधि आयोजन समिति की बैठक में उपस्थित थे। उनके द्वारा खेल प्रतियोगिता आयोजन पर सुझाव दिए गए।

बैठक में शारीरिक शिक्षा के उपाधीक्षक रंजीत कुमार ने समिति को अवगत कराया कि विभागीय निर्देश के आलोक में इस बार राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सभी प्रमंडल स्तरीय टीम को भाग लेना है। खेल पोशाक प्रमंडल स्तर पर प्राप्त करते हुए खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि दक्ष राज्य-स्तरीय विद्यालय शतरंज खेल प्रतियोगिता आयोजन तिथि का निर्धारण, तकनीकी पदाधिकारी का चयन विभागीय दिशा निर्देश के पश्चात ही किया जाएगा।
आयोजन समिति के सदस्य सचिव को मेडल, पुरस्कार, प्रमाण-पत्र, प्रतियोगिता स्थल पर शुद्ध पेयजल, शौचालय आदि की व्यवस्था के साथ ही जीवन रक्षक दवाओं सहित प्राथमिक चिकित्सा व्यवस्था के साथ-साथ पेन स्प्रे, आईस क्यूब, आईस बॉक्स आदि की व्यवस्था संबंधित विभागीय अधिकारियों के समन्वय से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में डीडीसी मनन राम ने निर्देश दिया कि अगले वित्तीय वर्ष में प्रतियोगिता आयोजित करने के बिंदु पर विभाग से पत्राचार हेतु आवश्यक कार्रवाई उपाधीक्षक, शारीरिक शिक्षा करेंगे।तत्पश्चात अगली बैठक में अग्रेतर प्रस्ताव रखें।

इस बैठक में प्रभारी सिविल सर्जन, जिला शिक्षा पदाधिकारी, उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा, जिला जन संपर्क पदाधिकारी, जिला शतरंज संघ के सचिव, शतरंज के वरीय खिलाड़ी, सचिव इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी मिक्की साहा तथा आयोजन समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *