विजय गुप्ता, सारस न्यूज, किशनगंज।
पूर्णिया रेंज के आईजी सुरेश प्रसाद चौधरी ने बुधवार को किशनगंज पहुंचकर वरीय पुलिस पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान बेहतर कार्य करने वाले कई पुलिस पदाधिकारियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया। पूर्णियाँ रेंज के आईजी सुरेश प्रसाद चौधरी सबसे पहले एसपी ऑफिस पहुंचे जहां आईजी के पहुंचते ही पुलिस जवानों ने उन्हें गॉड ऑफ ऑनर दिया। वहीं एसपी डॉक्टर इनामुल हक मेगनु ने आईजी का स्वागत गुलदस्ता भेंट कर किया। इसके बाद आईजी ने एसपी कार्यालय का निरीक्षण कर कार्यालय के कर्मियों के बारे में जानकारी ली। साथ ही तीव्र गति से संचिकाओं के निष्पादन का निर्देश दिया। कुछ देर बाद आईजी ने एसपी डॉक्टर इनामुल हक मेंगनू की मौजूदगी में पुलिस पदाधिकारियों के साथ समीक्षात्मक बैठक हुई। बैठक के दौरान गंभीर मामलों में दर्ज कांडों के अद्यतन स्थिति की जानकारी ली गई। आईजी ने पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि गम्भीर मामलों में दर्ज कांडों के निष्पादन को गंभीरता से ले। आईओ हर हाल में स्थल पर जाकर कांड का अनुसंधान करें और वैज्ञानिक तरीके के अनुसंधान को प्राथमिकता दें। आईजी चौधरी ने कहा कि शराब बंदी कानून को और सख्त बनाया गया है। सीमांचल में सीमावर्ती क्षेत्र से जुड़े थानों को विशेष चौकसी बरते जाने का निर्देश दिया गया है। बैठक में एसडीपीओ अनवर जावेद अंसारी, डीएसपी मुख्यालय अजित प्रताप सिंह चौहान सहित सर्किल इंस्पेक्टर व कई थानाध्यक्ष मौजूद थे।

एसडीपीओ, डीएसपी सहित आधा दर्जन पुलिस पदाधिकारियों को बेहतर कार्य को लेकर किया गया पुरस्कृत:
आईजी ने जिले में बेहतर कार्य करने वाले एसडीपीओ, हेडक्वार्टर डीएसपी, थानाध्यक्ष सहित आधा दर्जन पुलिस पदाधिकारियों को पुरस्कृत किया। जिसमे एसडीपीओ अनवर जावेद अंसारी, डीएसपी मुख्यालय अजित प्रताप सिंह चौहान, इंस्पेक्टर सह ठाकुरगंज थानाध्यक्ष सतीश कुमार हिमांशू, सदर थानाध्यक्ष सुमन कुमार सिंह, कोचाधामन थानाध्यक्ष आरिज एहकाम, क़ुर्लिकोट थानाध्यक्ष इकबाल अहमद खां, अवर निरीक्षक संजय कुमार, अवर निरीक्षक तरुण कुमार तरुणेश, अवर निरीक्षक राहुल कुमार, कुणाल कुमार, सहायक अवर निरीक्षक संजय यादव, तकनीकी सेल के प्रमोद कुमार को पुरस्कृत किया गया।

आईजी सुरेश प्रसाद चौधरी ने कहा कि गलगलिया बॉर्डर से गिरफ्तार पकिस्तानी मूल की महिला के मामले में जांच चल रही है। विभिन्न जांच एजेंसी के अलावे पुलिस के द्वारा भी हर स्तर पर जांच की जा रही है। जांच एजेंसी अपने स्तर से जांच कर रही है। पुलिस ने सभी पहलुओं पर विशेष तौर पर जांच शुरू की है। साथ ही भारत में महिला की तार किससे से जुड़ी है इसकी तलाश में पुलिस जुटी हैं। जल्द गिरफ्तार महिला को लेकर किशनगंज पुलिस उद्भेदन करेगी।