सारस न्यूज टीम, पौआखाली।
शक्ति उपासना का पर्व शारदीय नवरात्र सोमवार से शुरू हो गया है। पौआखाली बाजार समेत पूरे प्रखंड क्षेत्र में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ घट स्थापना के साथ ही माता का दरबार सजने लगा। माता दुर्गा के मंदिरों में भक्तों की भीड़ दर्शन के लिए उमड़ रही है। सुबह से ही लोग पूजा-अर्चना में जुटे रहे और देवी मंदिरों में जय माता दी के जयकारों की गुंजायमान हो रहे हैं। लोग सुबह से ही उत्साह के साथ देवी दुर्गा के प्रतिमाओं की स्थापना में जुटे हुए हैं।
प्रखंड क्षेत्र के कादोगांव, खानाबारी, पौआखाली, रूपादह, खारूदाह सहित अन्य जगहों पर स्थित माता के मंदिरों में व घरों में पूजा-अर्चना के साथ दुर्गा सप्तशती पाठ आदि किए जा रहे हैं। नवरात्र को लेकर बाजारों में भी काफी चहल-पहल है। कई जगहों पर लोगों ने अपने घरों में कलश की स्थापना कर पूरे विधि-विधान से पूजा में जुटे हुए हैं।