सारस न्यूज, बहादुरगंज/किशनगंज।
सरकार के सौतेलेपन रवैया एवं मुखिया के मनमानी से परेशान बहादुरगंज प्रखंड के बीसों पंचायत के वार्ड सदस्यों ने रविवार को स्थानीय रसल हाई स्कूल के खेल मैदान में बैठक आयोजित की। बैठक के दौरान सरकार के ढुलमुल नीति एवं वार्ड सदस्यों को उपेक्षित किये जाने पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। मौके पर ही अपने हक हकूक के लिए एकजुटता प्रदर्शित करते हुए सर्वसम्मति से संगठन बनाने का प्रस्ताव पारित किया।
इस मौके पर पलासमनी पंचायत के वार्ड सदस्य अनुज कुमार ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र के सर्वांगीण विकास का जरिया पंचायती राज है। जिसका मुख्य कड़ी वार्ड सदस्य होता है। नीतीश सरकार पंचायत चुनाव के इतने दिनों के बाद भी विकास कार्यों के लिए वार्ड सदस्यों का फंड आवंटन नहीं किया है। उधर मुखिया भी अपने मद से कराए जा रहे किसी योजना की जानकारी वार्ड सदस्यों को देना या सुझाव लेना उचित नहीं समझते हैं। ऐसे में वार्ड सदस्य अपने आप को उपेक्षित एवं ठगा सा महसूस कर रहे हैं। ऐसी परिस्थिति में वार्ड सदस्य अपने-अपने क्षेत्र का विकास संबंधित किसी भी प्रकार का कार्य निष्पादन नहीं कर पा रहे हैं। किसी भी प्रकार का विकास कार्य नहीं कर पाने की स्थिति में वार्ड वासी भी वार्ड सदस्यों को ताना देना शुरू कर दिए हैं।
जबकि विकास कार्यों में हम वार्ड सदस्यों का सक्रिय नहीं हो पाने का मुख्य दोषी नीतीश सरकार एवं संबंधित पंचायत के मुखिया हैं। अगली बैठक में संगठन के पदाधिकारी का चयन करने का निर्णय लिया गया। इस मौके पर मुख्य रूप से अनवर आलम, अनुज कुमार, उप मुखिया प्रणव कुमार, नईम उद्दीन, राजेश कुमार, किसलय सिन्हा, सोनी मरांडी, अफरोज रौनक सहित बीसों पंचायत के अधिकांश वार्ड सदस्य उपस्थित थे।