सारस न्यूज टीम, बहादुरगंज।
ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय बहादुरगंज में शुक्रवार को स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। डॉक्टर दुर्गेश झा ने निःशुल्क तीन दर्जन से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया एवं दवाई लेने की सलाह दी। इसकी जानकारी ब्रह्माकुमारी परिवार से जुड़े सदस्य रामु बोसाक ने दी। उन्होंने कहा कि ब्रह्मा कुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय देश के कई राज्यों सहित विदेश में भी संचालित है। मानव सेवा एवं विश्व बंधुत्व का अलख जगाने के साथ साथ यह संस्था धार्मिक भावनाओं को भी जागृत करता है।
उन्होंने कहा कि आज के शिविर में नामचीन चिकित्सक डॉक्टर दुर्गेश झा ने ब्रह्मकुमारी की बहन लोचन देवी के आह्वान पर अपना कीमती समय दिया। जिसका ब्रह्माकुमारी विश्वविद्यालय परिवार आभार व्यक्त करती है। शिविर में 40 से 45 लोगों का डायबिटीज, ब्लड प्रेशर, गैस संबंधित बीमारी, कमजोरी, सहित अन्य शिकायतों की जांच चिकित्सक द्वारा किया गया। इस अवसर पर बहन लोचन देवी ने कहा कि ब्रह्मा कुमारी ईश्वरीय का मिशन मानव सेवा है। इस अवसर पर रामु बोसाक, साधना बोसाक, मीरा बोसाक, राजश्री बोसाक, आलोक बोसाक, नारायण बोसाक, राजेश बोसाक सहित कई लोग उपस्थित थे।