सारस न्यूज, किशनगंज।
शनिवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत मात्स्यिकी महाविद्यालय के प्राध्यापकों राजेश कुमार, आशुतोष कुमार एवं भारतेन्दु विमल के द्वारा मात्स्यिकी महाविद्यालय के अंगीकृत मत्स्यग्राम खानाबाड़ी (रसिया) का दौरा किया गया। मात्स्यिकी महाविद्यालय के प्राध्यापक राजेश कुमार के द्वारा किसानों के बीच मछलियों के सम्पूरक आहार के बारे में जानकारी दी गयी एवं मछलियों की समुचित वृद्धि के लिए मछलियों के भोजन एवं सुपोषण की महत्ता को बताया गया। किसानों से संवाद के दरम्यान प्राध्यापक आशुतोष कुमार के द्वारा विभिन्न किसानों के तालाबों के जलीय गुणवत्ता का परीक्षण किया गया। तालाब की मिटटी एवं जल के समुचित प्रबंधन के तरीके बताये गए एवं कुछ किसानों की समस्या निवारण के लिए उनके तालाबों की मिटटी एवं जल के नमूने एकत्रित किये गए। इसी क्रम में प्राध्यापक भारतेन्दु विमल के द्वारा किसानों से मछलियों में होने वाले रोगों की जानकारी ली गयी एवं उन बीमारियों के रोकथाम एवं उपचार हेतु महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए। उन्होंने रोगों के उपचार हेतु ग्राम स्तर पर कुछ सस्ती एवं आसानी से उपलब्ध होने वाले रसायनों के बारे में बताया एवं उनके उपचार के सही तरीकों के बारे में भी जानकारी साझा की गयी। इस कार्यक्रम के दौरान ग्राम के प्रगतिशील किसान विकास कुमार के साथ अन्य किसानों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई एवं मछलियों के स्वास्थ्य, पोषण एवं तालाब की मिटटी व जलीय गुणवत्ता सम्बंधित अन्य जानकारियां भी प्राप्त की गयी।