विजय गुप्ता, सारस न्यूज़ गलगलिया।
पिछले कई दिनों से हो रही लगातार वर्षा के चलते गलगलिया मेची नदी उफान पर है। मेची नदी के बढ़ते जलस्तर तथा कटाव तेज होने से भातगाँव पंचायत के भक्सरभिठा, नेमुगुडी, पासवान टोला, अदिवासी टोला, लकड़ी डिपू गांवों के लोगों में दहशत का माहौल बन गया है। हालांकि मेची नदी का जलस्तर उक्त सभी जगहों पर डेंजर प्वाइंट से अभी नीचे है। मगर लगातार बारिश से उक्त क्षेत्र में बाढ सी स्थिति उत्पन्न हो गई है। वहीं किसान, मजदुर,व्यवसायिक व आमलोगों का जन जीवन काफी अस्त व्यस्त हो गया है। सबसे ज्यादा दिक्कत पशु पालकों में देखी जा रही है। खाली खेत खलिहान भी जल मग्न दिख रही है।
गलगलिया के निचान बस्ती होकर बहने वाली छोटी नदी का भी जलस्तर बढ़ने से घरों में पानी घुसने की संभावना बनी हुई है। सीमा से सटे नेपाल झापा जिला के मुख्य नदियों में मेची के अलावे रतुवा, माई ,विरिंग, हंडिया एवं निन्दा में जल स्तर बढ़ने के कारण झापा का अनेक भाग डूबा हुआ है। जिससे दोनों देश के सीमावर्ती बाजार गलगलिया व भद्रपुर के व्यवसाय पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। गलगलिया व भद्रपुर के बाजारों में लोग बहुत कम संख्या में पहुंच रहे हैं। जिससे हमेशा व्यस्त रहने वाली सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। फूटपाथ पर विभिन्न वस्तुओं की बिक्री कर अपनी आजीविका चलाने वाले लोगों के सामने भी रोजी-रोटी का संकट उत्पन्न हो गया है। तो कई स्थानों पर जलजमाव व कीचड़ से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सीमा पर तैनात एसएसबी की भातगाँव, भकसर भिट्ठा, निम्बूगुड़ी सीमा चौकीयों पर भी बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है जिससे जवान पूरी तरह अलर्ट हैं।