• Tue. Sep 16th, 2025

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

वन महोत्सव के तहत मध्य विद्यालय गलगलिया प्रांगण में हुआ पौधरोपण, वृक्षों को बचाने का लिया गया संकल्प।

विजय गुप्ता, सारस न्यूज, गलगलिया।

पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, बिहार सरकार की ओर से दिनांक 01 जुलाई 2023 से 31 जुलाई 2023 के बीच वन महोत्सव मना कर अधिक से अधिक पौधारोपण कराने के उद्देश्य से पूरे राज्य में वन महोत्सव मनाया जा रहा है। इसके तहत राज्य में वन आवरण का प्रतिशत 2023 तक 10% से बढ़ाकर 17% करने का लक्ष्य है। इसी कड़ी में गुरुवार को मध्य विद्यालय गलगलिया परिसर में वन विभाग के तत्वाधान में 74वां वन महोत्सव के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन कर फलदार व छायादार पौधे लगाए गए।

इस दौरान विद्यालय परिसर में वन विभाग के रेंजर अमरनाथ दुबे ने विद्यालय के शिक्षकों व बच्चों के साथ पौधे लगाकर प्रत्येक पौधे में नियमित पानी देने व सुरक्षा की जिमेदारी सौंपी। वहीं वन अधिकारी अमरनाथ दुबे ने उपस्थित शिक्षकों व स्कूली बच्चों को संबोधित कर कहा कि वन पृथ्वी के आभूषण हैं। इन्हें सुरक्षित और संरक्षित रखना आवश्यक है। मानव जीवन में पर्यावरण के महत्व को बताते हुए उन्होंने कहा कि पौधरोपण बहुत ही पवित्र कार्य है। हर व्यक्ति को प्रकृति के साथ समन्वय स्थापित करते हुए पर्यावरण संरक्षण पर बल देना चाहिये। उपस्थित लोगों से प्रत्येक वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने का उन्होंने आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान  विद्यालय के प्रधानाध्यापक अर्जुन पासवान ने बताया कि जुलाई महीना पौधरोपण के लिए उपयुक्त महीना होता है। पर्यावरण संरक्षण के लिये अपनी धरती को हरा भरा रखना सभी की जिम्मेदारी है। विद्यालय के सभी छात्रों को पौधरोपण के लिये प्रेरित किया जा रहा है।

कार्यक्रम में वन विभाग के वनपाल शैलेन्द्र सिंह, ठाकुरगंज वनकर्मी बबलू कुमार, पंकज कुमार तथा विद्यालय के सभी शिक्षक, शिक्षिका, स्कूली बच्चे व ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *