राहुल कुमार, सारस न्यूज़, किशनगंज।
किशनगंज जिले के उत्क्रमित उच्च विद्यालय, गाछपारा में शनिवार को ‘चेस इन स्कूल’ योजना के तहत शतरंज प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। जिला शतरंज संघ और इसके लर्निंग पार्टनर चेस क्रॉप्स के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में 150 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और शतरंज के बुनियादी नियमों व रणनीतियों की जानकारी प्राप्त की।
संघ के मानद महासचिव शंकर नारायण दत्ता और वरीय संयुक्त सचिव, चेस क्रॉप्स के प्रमुख एवं अंतर्राष्ट्रीय शतरंज प्रशिक्षक कमल कर्मकार ने बताया कि विद्यालय के प्रधानाध्यापक मोफिजुर रहमान एवं शिक्षकों तमजीद आलम, नुरुल हक, पंकज कुमार एवं मिथिलेश कुमार के विशेष अनुरोध पर यह शिविर आयोजित किया गया। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में शतरंज के प्रति रुचि जागृत करना और उनके मानसिक विकास को बढ़ावा देना था।
इस प्रशिक्षण शिविर में राधा कुमारी, निशा कुमारी, जाहिद आलम, शबनम कुमारी, जुल्फिकार अली, सोहेल आलम, रूबी कुमारी, सरोज कुमार सहित कई विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी की। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षकों से शतरंज की मूलभूत रणनीतियां और खेल की तकनीकें सीखीं, जिससे उनकी तार्किक सोच और एकाग्रता में सुधार आया।
विद्यालय प्रबंधन ने इस कार्यक्रम को विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी बताते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से छात्रों में शतरंज के प्रति रुचि बढ़ेगी। साथ ही, इससे उनकी निर्णय लेने की क्षमता और समस्या समाधान कौशल का विकास होगा, जो उनके समग्र बौद्धिक विकास में सहायक सिद्ध होगा।
