सारस न्यूज, किशनगंज।
गुरूवार को 19 वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, ठाकुरगंज के कार्यवाहक कमान्डेंट अनूप रोबा कच्छप निर्देश के आलोक में वृक्षारोपण अभियान-2023 के तहत वाहिनी की डी समवाय नावडुबा के उत्क्रमित उच्च विद्यालय लोधा में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान एसएसबी अधिकारियों द्वारा पर्यावरण संरक्षण को ले स्कूली बच्चों को जागरूक भी किए गए। कार्यक्रम की शुरुआत 19वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल ठाकुरगंज के उप कमान्डेंट एम. ब्रोजेन सिंह द्वारा की गई। शुरुआत वृक्षारोपण कार्यक्रम से की गई, जिसमें छात्र-छात्राओं, अध्यापकों एवं बलकर्मियों द्वारा विद्यालय के परिसर में वृक्षारोपण किया गया।
उप कमान्डेंट एम. ब्रोजेन सिंह ने बताया कि वृक्ष हमारे पर्यावरण के अभिन्न अंग हैं। धरती पर पेड़ – पौधों के अस्तित्व के बिना मनुष्य, जानवरों सहित सभी जीव-जंतुओं का अस्तित्व संभव नहीं है। वृक्ष वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए हानिकारक गैसों को न केवल अवशोषित करते हैं बल्कि जल प्रदूषण को भी नियंत्रित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पेड़ न केवल कार्बन डाइऑक्साइड लेते हैं बल्कि वातावरण से कई अन्य हानिकारक गैसों को भी अवशोषित करते हैं जिससे वातावरण को ताजगी मिलती है। पेड़ों पर फल लगते हैं जो पक्षियों, जानवरों और मनुष्यों के लिए भोजन हैं। गाय, बकरियां और अन्य शाकाहारी जानवर भी वृक्षों के पत्ते खाते हैं। वे गर्मी के असर को कम करने में मदद करते हैं।
उन्होंने बताया कि पर्यावरण को संतुलित करने हेतु अधिक से अधिक पेड़ लगाने से प्रदूषित हवा से छुटकारा पाने में मदद मिलेगी। यह सही समय है जब हम पेड़ों के रोपण के महत्व को पहचाने और इस दिशा में जितना हो सके उतना योगदान करने की जिम्मेदारी ले सकें। वृक्षारोपण के द्वारा ही हम धरती पर अपने अस्तित्व की रक्षा कर सकते है। पर्यावरण बचाने का कार्य हम अपने घर से ही शुरू कर सकते हैं। कोशिश करें कि एक पौधा जरुर लगायें, ध्यान रखें कि प्रकृति सुरक्षित तो मानव जीवन भी सुरक्षित।
वहीं उक्त कार्यक्रम के दौरान सहायक कमान्डेंट (चिकित्सा) डॉ० मागा राम, उप निरीक्षक शम्भू नाथ वैद्य एवं संतोष कुमार दास, प्रधानाध्यापक कामाख्या प्रसाद सिंह सहित स्कूल के सहायक शिक्षक, एसएसबी जवान मौजुद रहे।