राहुल कुमार, सारस न्यूज, किशनगंज।
महिला संवाद कार्यक्रम में अब तक उन्नीस हजार छह सौ तिरसठ आकांक्षाएँ दर्ज की गई हैं। मोबाइल एप के माध्यम से इन आकांक्षाओं को महिला संवाद कार्यक्रम में दर्ज किया जा रहा है। सरकार के संबंधित विभाग तक इसे स्थानांतरित किया जा रहा है, जिससे इन आकांक्षाओं पर आगे कार्य किया जा सके।
महिला संवाद कार्यक्रम में महिलाएँ उत्साह से भाग ले रही हैं, अपनी बातें साझा कर रही हैं और अपनी आकांक्षाएँ दर्ज करा रही हैं। यह कार्यक्रम टोला गाँव समाज के विकास के लिए उपयोगी सिद्ध हो रहा है। महिलाओं की भागीदारी संवाद कार्यक्रम को उद्देश्यपूर्ण बना रही है।
टेढ़ागाछ प्रखंड के खनियाबाद पंचायत की कमला देवी ने किसानों के लिए अनाज भंडारण केंद्र की आकांक्षा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इससे किसानों को अपने अनाज भंडारण में सुविधा होगी और सही समय पर बिक्री से उन्हें अपनी फसल का अच्छा मुनाफा मिलेगा।
ठाकुरगंज प्रखंड के भातगाँव पंचायत की महिलाओं ने टोला गाँव में सोलर लाइट लगाने की आकांक्षा व्यक्त की। उन्होंने मुख्य सड़क किनारे और बस्ती में सोलर लाइट लगाने की बात साझा की। उन्होंने कहा कि इससे महिलाओं की सुरक्षा बढ़ेगी।
पोठिया प्रखंड के शीतलपुर पंचायत की महासरी बेगम ने कहा कि सार्वजनिक जगहों पर दीर्घायु वृक्षों के चारों ओर बैठने के लिए चबूतरा बनाया जाना चाहिए, जिससे लोगों को वृक्ष की छाँव में बैठने की सुविधा होगी। उन्होंने सार्वजनिक स्थानों पर चापाकल लगाने और उन्हें संरक्षित रखने की दिशा में भी अपने विचार प्रकट किए।
जहाँगीरपुर पंचायत की रोजी बेगम ने सिंचाई के लिए निर्बाध बिजली, मोटर पंप इत्यादि उपकरणों की आकांक्षा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि नगदी फसल और सब्ज़ी की खेती के लिए सिंचाई की समुचित व्यवस्था होने से किसानों को काफी लाभ मिलेगा।
कोचाधामन प्रखंड के काठामाठा पंचायत की नुसरत परवीन ने स्वास्थ्य केंद्र पर महिला चिकित्सकों की उपलब्धता से संबंधित अपनी आकांक्षा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इससे महिला रोगियों को उपचार में सुविधा होगी।
किशनगंज जिले के सभी सात प्रखंडों में महिला संवाद कार्यक्रम रोजाना विभिन्न ग्राम संगठनों में आयोजित किया जा रहा है। संबंधित ग्राम संगठनों की महिलाएँ महिला संवाद कार्यक्रम में भाग ले रही हैं।