राहुल कुमार, सारस न्यूज, किशनगंज।
राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद, बिहार, पटना द्वारा आयोजित सिमुलतला एवं अन्य मॉडल विद्यालयों की प्रवेश परीक्षा में किशनगंज के बच्चों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। इस परीक्षा में सफल छात्रों का नामांकन शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बिहार राज्य के मॉडल विद्यालयों की कक्षा नौवीं में होना तय हुआ है।
इस गौरवशाली परिणाम में शहर के मध्य विद्यालय खगड़ा के 8 बच्चों सहित प्रखंड के कुल 29 बच्चों ने सफलता प्राप्त कर जिले का मान बढ़ाया है। वहीं खुशी कुमारी, पिता बिजय पासवान, ने विद्यालय में प्रथम रैंक प्राप्त की। गुंजा कुमारी, पिता वीरेंद्र दास, ने तीसरा रैंक हासिल किया। सैयद सुफियान, पिता अताउर रहमान, ने छात्र वर्ग में सफलता का परचम लहराया।
विद्यालय परिवार की ओर से सफल हुए सभी 8 छात्र-छात्राओं के लिए एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर बच्चों को मोमेंटो एवं मेडल देकर प्रोत्साहित किया गया। अपने बच्चों की इस बड़ी सफलता और विद्यालय द्वारा मिले सम्मान को देखकर अभिभावक भावुक नजर आए और उन्होंने विद्यालय प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
प्रभारी प्रधानाध्यापिका सलोनी मरांडी ने कहा कि जिस दिन से प्रतियोगिता परीक्षा के फॉर्म भरे गए थे, उसी दिन से स्कूल में विशेष तैयारी शुरू कर दी गई थी। बच्चों को खेल की घंटी में भी शिक्षकों द्वारा पूरी लगन के साथ परीक्षा की तैयारी कराई गई, जिसका सुखद परिणाम आज सबके सामने है।
इस कार्यक्रम के दौरान शिक्षा समिति के अध्यक्ष कलीमुद्दीन, विद्यालय के सभी शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे, जिन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
