• Mon. Feb 16th, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

किशनगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई: XUV 500 से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद, तीन अंतरजिला तस्कर गिरफ्तार।

राहुल कुमार, सारस न्यूज़, किशनगंज।

किशनगंज पुलिस ने शराब माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) के कड़े निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों और अवैध शराब के विरुद्ध चल रहे सघन तलाशी अभियान के दौरान कोचाधामन थाना पुलिस ने एक लग्जरी कार से भारी मात्रा में विदेशी शराब जब्त की है।

चेक पोस्ट पर घेराबंदी और बरामदगी
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार (16.02.2026) को कोचाधामन थाना क्षेत्र के चारघरिया चेक पोस्ट पर पुलिस द्वारा नियमित वाहन जांच की जा रही थी। इसी दौरान किशनगंज की ओर से आ रही एक सफेद रंग की XUV 500 (रजिस्ट्रेशन नंबर- BR01PG6164) को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस द्वारा रोके जाने पर चालक घबरा गया। जब उससे वाहन में रखे सामान के बारे में पूछताछ की गई, तो उसने गुमराह करने की कोशिश करते हुए गाड़ी को खाली बताया।

हालांकि संदेह होने पर पुलिस बल ने वाहन की गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान गाड़ी के अंदर से कुल 404 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई।

तीन तस्करों पर कसा शिकंजा
इस कार्रवाई में पुलिस ने मौके से तीन अंतरजिला तस्करों को गिरफ्तार किया है, जो शराब की इस बड़ी खेप को ठिकाने लगाने की फिराक में थे। पुलिस ने शराब के साथ-साथ तस्करी में प्रयुक्त लग्जरी कार को भी जब्त कर लिया है।

कानूनी कार्रवाई
इस संबंध में कोचाधामन थाना में कांड संख्या- 88/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम 2022 की धारा 30(ए) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पुलिस अब गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ कर उनके नेटवर्क को खंगालने में जुटी है, ताकि इस अवैध कारोबार के मुख्य सरगना तक पहुंचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *