राहुल कुमार, सारस न्यूज, किशनगंज।
बिहार में शराबबंदी कानून को पूर्णतः प्रभावी बनाने के लिए किशनगंज पुलिस लगातार एक्शन मोड में है। पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सोमवार, 13 अप्रैल 2026 को कोचाधामन पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
थानाध्यक्ष कोचाधामन को गुप्त सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल से एक कार के जरिए शराब की खेप बिहार लाई जा रही है। सूचना मिलते ही चरधरिया चेक पोस्ट पर सघन वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया गया। इसी दौरान किशनगंज की ओर से आ रही एक संदिग्ध काले रंग की टाटा नेक्सॉन कार (रजि० नं० BR37AB2668) को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान कार के भीतर छिपाकर रखी गई विभिन्न ब्रांडों की कुल 264.28 लीटर पश्चिम बंगाल निर्मित विदेशी शराब बरामद की गई। पुलिस ने मौके से वाहन को जब्त करते हुए एक तस्कर को हिरासत में ले लिया है।
इस मामले को लेकर कोचाधामन थाना में कांड सं० 208/26 के तहत बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम, 2022 की धारा 30(ए) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
