सारस न्यूज़, कोचाधामन, किशनगंज।
प्रखंड के नजरपुर पंचायत के अलता झील से पूर्व-उत्तर दिशा में स्थित धान के खेत में शुक्रवार की शाम एक व्यक्ति का शव मिलने से आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई। शव की पहचान प्रखंड के नजरपुर पंचायत के बूढ़ीमारी गांव निवासी सतीश चौपाल (45) वर्षीय के रूप में हुई है।
शुक्रवार की शाम को सतीश चौपाल का गला रेता हुआ शव धान के खेत में मिलने की सूचना पर घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही कोचाधामन पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल किशनगंज भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, सतीश चौपाल शुक्रवार को शाम 5 बजे के बाद घर से अलता झील की ओर किसी के बुलावे पर मछली पकड़ने गया था। स्थानीय जनप्रतिनिधियों के अनुसार, प्रथम दृष्टया ऐसा लग रहा है कि किसी ने पहले उसके हाथ-पैर बांधकर घटना को अंजाम दिया है। मृतक पेशे से कपड़ा बेचने का काम करता था।