• Mon. Feb 16th, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

जिले में आशा कर्मियों ने रंगोली और रैली से जगाई वोटिंग की चेतना।

ByHoor Fatma

Oct 29, 2025


घर-घर पहुंचा ‘मतदान उत्सव’ का संदेश — स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन ने बढ़ाई जनभागीदारी की अपील

सारस न्यूज़, किशनगंज।

लोकतंत्र के महापर्व को सफल बनाने के लिए किशनगंज जिले में स्वास्थ्य विभाग की ओर से चलाया जा रहा मतदाता जागरूकता अभियान अब जनआंदोलन का रूप ले चुका है। जिले के सभी प्रखंडों में आशा कार्यकर्ता और आशा फैसिलिटेटर रंगोली, प्रभात फेरी और घर-घर संपर्क के माध्यम से लोगों को मतदान के लिए प्रेरित कर रही हैं। वहीं, जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने मिलकर इस अभियान को और प्रभावशाली बनाने की दिशा में कई नवाचार किए हैं।

आशा कर्मियों ने बनाई रंगोली — संदेश: “पहले मतदान, फिर जलपान”

ग्रामीण क्षेत्रों में आशा कर्मियों द्वारा घरों के बाहर रंगोली बनाकर और स्लोगन लिखकर मतदान का संदेश फैलाया जा रहा है। “पहले मतदान, फिर जलपान” तथा “मेरा वोट, मेरा अधिकार” जैसे नारों से वातावरण मतमय बन गया है। आशा फैसिलिटेटर और बीएचएम के मार्गदर्शन में सभी पंचायतों में रैली, नुक्कड़ सभा और पोस्टर अभियान चलाया जा रहा है। समुदाय के हर वर्ग को शामिल करने की कोशिश की जा रही है, ताकि मतदान प्रतिशत में उल्लेखनीय वृद्धि हो सके।

“मतदान लोकतंत्र का सबसे बड़ा उत्सव है” — जिलाधिकारी विशाल राज

जिलाधिकारी विशाल राज ने कहा कि मतदान लोकतंत्र का सबसे बड़ा उत्सव है और इसमें हर नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। स्वास्थ्य कर्मी समाज में विश्वसनीय संदेशवाहक की भूमिका निभाते हैं, इसलिए इनकी भागीदारी से मतदाता जागरूकता अभियान को और गति मिल रही है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मियों से आह्वान किया कि वे मतदान दिवस पर अधिक से अधिक लोगों को बूथ तक पहुंचाने में सहयोग करें।

“स्वास्थ्य कर्मियों की भागीदारी अभियान की शक्ति है” — सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी

सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने कहा, “आशा कार्यकर्ता और आशा फैसिलिटेटर न केवल स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ हैं, बल्कि सामाजिक बदलाव की वाहक भी हैं। उनका उत्साह और सेवा भावना इस मतदाता जागरूकता अभियान को सफल बनाएगी।” उन्होंने बताया कि सभी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर्स पर जागरूकता गतिविधियाँ निरंतर जारी हैं और समुदाय में हर घर तक संदेश पहुँचाया जा रहा है।

समुदाय में बढ़ रही है जागरूकता

सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने आगे कहा कि ग्रामीण महिलाओं और युवाओं में मतदान को लेकर उत्साह दिख रहा है। आशा कार्यकर्ताओं के प्रयासों से अब गाँवों में मतदान के दिन को “त्योहार” की तरह मनाने की तैयारी हो रही है। स्वास्थ्य विभाग का यह सामाजिक अभियान अब प्रशासन की प्रेरणा से जनआंदोलन का रूप ले चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *