सारस न्यूज, किशनगंज।
किशनगंज: हिन्दी दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी विशाल राज ने दस वर्षीय संस्कृति चौधरी द्वारा लिखित पुस्तक का लोकार्पण किया। संस्कृति ने मात्र दस साल की उम्र में 25 बाल कथाओं का संग्रह तैयार किया है, जो बच्चों के नैतिक मूल्यों पर आधारित हैं। इतनी कम उम्र में पुस्तक लिखने वाली संस्कृति बिहार की पहली छात्रा है। वह वर्तमान में कक्षा पाँचवीं की छात्रा है और नया प्राथमिक विद्यालय, सुहागी में पढ़ रही है।
संस्कृति को बचपन से ही कहानियों में विशेष रुचि रही है, और इसी प्रेरणा के तहत उसने बाल कथाओं की रचना शुरू की। परिणामस्वरूप, उसने 25 कहानियों को एक पुस्तक के रूप में प्रस्तुत किया। प्रभात प्रकाशन ने संस्कृति की प्रतिभा से प्रभावित होकर उनकी पुस्तक का नि:शुल्क प्रकाशन किया।
जिलाधिकारी ने संस्कृति को बधाई देते हुए कहा कि क्षेत्र के अन्य छात्रों को भी इससे प्रेरणा लेनी चाहिए। वहीं, जिला शिक्षा पदाधिकारी नासिर हुसैन ने भी संस्कृति को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
पुस्तक के लोकार्पण समारोह में इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी के सचिव मिक्की साह, महिला हेल्पलाइन की शशि शर्मा, प्रेम कुमार समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।