राहुल कुमार, सारस न्यूज़, किशनगंज।
बुनियाद केंद्र किशनगंज में अंतर्राष्ट्रीय विधवा दिवस के अवसर पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर विधवा महिलाओं को आमंत्रित कर समाज एवं पारिवारिक जीवन में आने वाली विभिन्न समस्याओं के समाधान के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में जिला प्रबंधक एवं तकनीकी कर्मी, बुनियाद केंद्र किशनगंज ने भाग लिया और उपस्थित महिलाओं को बिहार सरकार द्वारा विधवा महिलाओं के लिए चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्ध सुविधाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की।
इस अवसर पर बुनियाद केंद्र के अधिकारियों ने विधवा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विधवा महिलाओं की सामाजिक और आर्थिक स्थिति को सशक्त बनाना एवं उन्हें सामाजिक मुख्यधारा से जोड़ना रहा।