राहुल कुमार, सारस न्यूज़, किशनगंज।
डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम एग्रीकल्चर कॉलेज और राहत संस्था के संयुक्त तत्वावधान में कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम विषय पर एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्राचार्य डॉ. के. सत्य नारायण ने की।
उद्घाटन संबोधन में डॉ. सत्य नारायण ने कहा कि महिलाओं का सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा किसी भी संस्था तथा समाज की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कार्यस्थल पर सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण न केवल महिलाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाता है, बल्कि संस्थान के समग्र विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
राहत संस्था की सचिव डॉ. फरजाना बेगम ने छात्र-छात्राओं को यौन उत्पीड़न की परिभाषा, इसके विभिन्न स्वरूप, संबंधित कानूनी प्रावधान तथा शिकायत निवारण तंत्र के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने जोर देकर कहा कि जागरूकता ही ऐसी घटनाओं की रोकथाम का सबसे प्रभावी माध्यम है।
कार्यक्रम में कलाम कॉलेज के डॉ. रश्मि कुमारी, डॉ. जे.पी. सिंह, डॉ. संजय सहाय, डॉ. महेश कुमार सहित कई संकाय सदस्य उपस्थित रहे। राहत संस्था से अभिषेक और यास्मीन ने भी सहभागिता की। उपस्थित सभी लोगों ने इस पहल को सराहनीय बताया और भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
