सारस न्यूज, बहादुरगंज।
बुधवार सुबह तकिया गाँव के समीप प्रेम प्रसंग विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच भीषण मारपीट हो गई। इस घटना में एक पक्ष के दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दूसरे पक्ष के कुछ लोगों को आंशिक चोटें आईं।
हमले में मौलवी तहफूज आलम और उनके रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल:
जानकारी के अनुसार, डूबाडांगी गाँव निवासी मौलवी तहफूज आलम अंसारी बुधवार सुबह अपने घर से तकिया विद्यालय में ड्यूटी के लिए जा रहे थे। तभी रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे दूसरे पक्ष के लोगों ने उन पर हमला कर दिया।
मौलवी तहफूज आलम को बचाने के प्रयास में उनके रिश्तेदार अब्दुर सकूर भी हमलावरों के निशाने पर आ गए, जिससे वे भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर:
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत घायलों को बहादुरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल किशनगंज रेफर कर दिया गया।

पुलिस में दोनों पक्षों ने दर्ज कराई शिकायत:
घटना के बाद, घायल मौलवी तहफूज आलम के भतीजे ने बहादुरगंज थाना में 11 लोगों को नामजद आरोपी बनाते हुए शिकायत दर्ज कराई और न्याय की गुहार लगाई। वहीं, दूसरे पक्ष ने भी पुलिस में मामला दर्ज कराया है।
थानाध्यक्ष निशाकांत कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर कांड दर्ज कर लिया गया है और पुलिस टीम मामले की गहराई से जाँच कर रही है। स्थिति को नियंत्रित करने और क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी सतर्कता बरत रही है।
