• Fri. Sep 12th, 2025

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

रामनवमी पर श्रद्धा का समंदर उमड़ा — बहादुरगंज के साहब टोली में 72 घंटे के हरिनाम संकीर्तन की भव्य शुरुआत, कलश यात्रा में उमड़ा जनसैलाब।

सारस न्यूज़, बहादुरगंज।

रामनवमी पर्व के पावन अवसर पर बहादुरगंज प्रखंड क्षेत्र पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया है। धार्मिक अनुष्ठानों, भजन-कीर्तन और जय श्रीराम के नारों से गाँव-गली गूंज उठे हैं। इसी श्रृंखला में नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या 02 स्थित साहब टोली के ग्रामीणों ने 72 घंटे तक अखंड हरिनाम संकीर्तन समारोह आयोजित करने का संकल्प लिया है।

भव्य कलश यात्रा बनी आस्था की मिसाल
सोमवार की सुबह कार्यक्रम की शुरुआत एक विशाल और भव्य कलश यात्रा के साथ हुई। सैकड़ों की संख्या में पीले वस्त्रों में सजी श्रद्धालु महिलाएं गाजे-बाजे के साथ कतारबद्ध होकर बिरनियां यज्ञ स्थली से पैदल यात्रा करते हुए बेनी नदी घाट पहुँचीं, जहाँ विधिवत जल भरकर पुनः यज्ञ स्थल तक लौटीं। कलश सिर पर धारण कर जब महिलाएं भक्ति गीतों के साथ चल रही थीं, तो पूरा मार्ग आस्था और ऊर्जा से भर उठा।

देशभर से पहुँचीं कीर्तन मंडलियाँ
कार्यक्रम की भव्यता को और रंग देने के लिए नेपाल, बंगाल और स्थानीय क्षेत्रों से लगभग एक दर्जन कीर्तन मंडलियाँ समारोह में शामिल हुई हैं। ये मंडलियाँ 72 घंटे तक भक्ति रस से ओत-प्रोत हरिनाम संकीर्तन और रासलीला प्रस्तुत करेंगी। इनके मधुर भजनों से वातावरण दिव्य और संगीतमय बना रहेगा।

आकर्षक पंडाल और भक्तों की सेवा में समर्पित ग्रामीण
पूरे आयोजन स्थल को आकर्षक पंडालों, रंग-बिरंगे झालरों और धार्मिक झांकियों से सजाया गया है। आयोजन की सफलता हेतु साहब टोली, बिरनियां के सभी ग्रामीण तन-मन-धन से सेवा में जुटे हैं। उनके प्रयासों ने न सिर्फ एक धार्मिक कार्यक्रम को जीवंत बनाया है, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक समृद्धि का भी संदेश दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *